सामना संवाददाता / सिवान
बिहार में एक हैरतअंगेज मामला सामने आया है। एक शख्स ने एक महिला को कर्ज दिया था। कर्ज वापस नहीं मिलने पर उस शख्स ने उस महिला की नाबालिग कन्या को ले लिया। इस शख्स का नाम महेंद्र पांडे है। अब कहा जा रहा है कि पांडेजी ने अपना पठानी हिसाब लगाकर यह काम किया है। उन्हें चाहिए था ब्याज, पर ब्याज के बदले कर डाला ब्याह।
बता दें कि कर्ज के बदले नाबालिग लड़कियों से जबरन शादी की बातें तो आपने कहानियों में जरूर सुनी होगी। लेकिन आज के बिहार में यह सच होता दिखाई दे रहा है। राजधानी पटना से महज १२५ किलोमीटर दूर सिवान में ऐसा ही सनसनीखेज मामला सामने आया है। ये मामला सिवान के मैरवा थाना इलाके का है। करीब ४० साल के पांडेजी पर ११ साल की नाबालिग को अपने घर में रखने और जबरन शादी रचाने के आरोप लगे हैं। बताया जा रहा कि लड़की की मां ने ४० साल के आरोपी शख्स से करीब दो लाख रुपए उधार लिए थे। जब महिला इन पैसों को लौटा नहीं सकी तो आरोपी उनकी बच्ची को अपने साथ ले गया। यही नहीं, आरोप है कि उधार देने वाले शख्स ने नाबालिग को अपने घर पर न केवल रख लिया बल्कि उससे जबरन शादी भी कर ली। बच्ची को सिंदूर, बिंदी और पैर में बिछिया भी पहनाया गया। इस बीच बच्ची की मां ने वायरल वीडियो के आधार पर थाने में शिकायत दर्ज कराई, जिसमें पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
सोशल मीडिया पर वायरल
पुलिस अधीक्षक कार्यालय द्वारा बताया गया कि २९ अप्रैल को सोशल मीडिया पर एक नाबालिग लड़की की शादी का वीडियो वायरल हुआ, जिसमें बच्ची की मां के लिखित आवेदन पर पुलिस ने एक्शन लिया। जिसमें नाबालिग से शादी के आरोपी महेंद्र पांडेय के खिलाफ मैरवा थाने में अलग-अलग धाराओं में मामला दर्ज किया गया। इसमें आईपीसी की धारा ३६३/३६६(ए)/३७६ और ४/६ पॉक्सो अधिनियम और बाल विवाह अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी महेंद्र पांडेय को गिरफ्तार कर लिया है। अपहृत लड़की को सकुशल बरामद कर लिया गया है। जोर-जबरदस्ती नहीं की
इस मामले में खुद पीड़िता का खुलासा चौंकाने वाला है। लड़की का कहना है कि आरोपी के घर पर उसकी मां ही उसे छोड़कर गई थी। ऐसा इसलिए क्योंकि मां ने उनसे करीब दो लाख रुपए कर्ज लिए थे। इसके एवज में महिला ने अपनी बेटी को ४० साल के शख्स के हवाले कर दिया। हालांकि, ४० साल के शादीशुदा दो बच्चों के पिता का कहना है कि उसने बच्ची से कोई जोर-जबरदस्ती नहीं की, ना ही शारीरिक संबंध बनाए हैं।