– अगले कुछ घंटों में मुंबई और कोकण में भारी बारिश का अनुमान
सामना संवाददाता / मुंबई
मुंबई और उपनगरों में कल भारी बारिश हुई। पश्चिमी उपनगरों में भारी बारिश के कारण निचले इलाकों में बरसाती पानी भर गया। अंधेरी सबवे पानी में डूब गया और यातायात बाधित हो गया। इससे यात्रियों को काफी परेशानी हुई। रेलवे ट्रैक पर पानी भर जाने के कारण पश्चिम रेलवे और मध्य रेलवे पर लोकल ट्रेनें देरी से चल रही थी। मौसम विभाग ने पूरे कोकण तटीय इलाकों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, क्योंकि अगले कुछ घंटों में मुंबई और कोकण में भारी बारिश की आशंका जताई गई है। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि मुंबई में २०० मिमी बारिश होगी।
मुंबई उपनगरों में शुक्रवार रात से भारी बारिश हो रही थी। सुबह तेज हवाओं के साथ मूसलाधार बारिश हुई। इस बारिश के कारण अंधेरी, जोगेश्वरी, गोरेगांव, मलाड, कांदिवली के निचले इलाकों में पानी जमा हो गया। अंधेरी के सबवे में चार फीट पानी भर जाने के कारण ट्रैफिक रोक दिया गया। इससे सैकड़ों वाहन फंस गए।
कई जगहों पर पानी भरने से यातायात प्रभावित हुआ। भांडुप में पटरियों पर पानी के कारण स्थानीय व्यवधान हुआ, पूर्वी उपनगरों में भांडुप इलाके में भारी बारिश हुई। कल भांडुप में रेलवे ट्रैक पर पानी भर गया था।