मुख्यपृष्ठनए समाचारपेंट पॉइजन से घुटता पेड़ों का दम! ... हाईप्रोफाइल इलाकों में पेड़ों...

पेंट पॉइजन से घुटता पेड़ों का दम! … हाईप्रोफाइल इलाकों में पेड़ों पर खतरनाक केमिकल की पुताई

सौंदर्यीकरण योजना के तहत पेड़ों पर बनाया जा रहा है डिजाइन
पर्यावरण प्रेमियों की खुली नाराजगी, बोले जहर दे रही है मनपा

रामदिनेश यादव / मुंबई
मुंबई में सौंदर्यीकरण योजना के तहत मनपा कई इलाकों को सजाने के लिए पर्यावरण व पेड़ों की जान के साथ खिलवाड़ कर रही है। दूसरे शब्दों में कहें तो जान-बूझकर मनपा की ओर से पेड़ों को दम तोड़ने के लिए मजबूर किया जा रहा है। जी हां, मुंबई में शिंदे सरकार के निर्देश पर मनपा एक तरफ जहां पेड़ों पर बेतहाशा लाइट लगा रही है, जो पेड़ों के लिए नुकसानदेह साबित हो रही है, वहीं दूसरी तरफ पेड़ों को अब जहरीले पेंट से चमकाने का प्रयास किया जा रहा है। हाईप्रोफाइल जगहों पर पेड़ों को जमकर जहरीले पेंट से पुताई जारी है। पर्यावरण प्रेमियों के अनुसार मनपा के गार्डन विभाग को अच्छे से पता है कि पेंट में जहरीले केमिकल पेड़ों के लिए घातक होते हैं, फिर भी वह यह काम कर रही है। मनपा आयुक्त इकबाल सिंह चहल को पत्र लिखकर इसकी शिकायत की गई है।
गेरुआ और चूना क्यों नहीं?
पर्यावरण प्रेमी वीरा महाजन ने कहा कि पेड़ों की सुरक्षा के लिए चूना और गेरुआ लगाया जाता है लेकिन आश्चर्य है कि यहां चूना और गेरुआ की बजाय प्लास्टिक पेंट से रंगा जा रहा है। ऑयल और प्लास्टिक पेंट में घातक केमिकल बड़ी मात्रा में पाया जाता है, जिससे पेड़ों को तमाम जैविक प्रक्रिया के लिए परेशानी का सामना करना पड़ता है। विशेषज्ञों की मानें तो इन पेंट्स को छुड़ाने के लिए थिनर का प्रयोग भी घातक होता है।

जहरीले पेंट की पुताई अपराध
पेंट और लाइटिंग को लेकर पर्यावरण प्रेमियों ने काफी नाराजगी जताई है। इस बारे में जोरू बथेना का कहना है कि ये जहरीले केमिकल पेड़ों की लाइफ कम करते हैं। यह बात मनपा को अच्छे से पता है। इसके बावजूद मनपा विभाग के लोग गैर जिम्मेदाराना रवैया अपना रहे हैं। बथेना ने कहा कि यह अपराध है इसके लिए मनपा पर कार्रवाई की जानी चाहिए।

पेड़ों की लाइफ होती है कम
जुहू तारा रोड, विले पार्ले और कुलाबा जैसे कई इलाकों पर पेड़ों को ऑयल एवं प्लास्टिक पेंट से रंगा जा रहा है। इन पेड़ों के तने पर सफेद, पीला, नारंगी, हरा आदि रंग लगाकर तने को सजाने का काम किया जा रहा है। पेड़ों पर पेंट के साथ लाइटिंग भी की जा रही है।

अन्य समाचार

पहला कदम