उमेश गुप्ता / वाराणसी
रोहनिया-राजातालाब थाना क्षेत्र के जक्खिनी पुलिस चौकी के अंतर्गत मिल्कीपुर गांव में गुरुवार को हुए तिहरे हत्या से ग्रामीण क्षेत्र में सनसनी फैल गई। यहा एक घर से मां बेटे और बेटी की लाश मिली।तीनों की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई थी। मृतकों की शिनाख्त रानी गुप्ता ५५ वर्ष पत्नी भोला गुप्ता निवासी पनियरा तथा पूजा गुप्ता मृतका की पुत्री ३० वर्ष और पुत्र मोहन २३ वर्ष के रूप में हुई। एडिशनल सीपी संतोष कुमार ने बताया कि घटना एक-दो दिन पूर्व की प्रतीत होती है। रानी के मकान का दरवाजा दो दिनों से नहीं खुला था। घर के बाहर दो कुर्सी और साइकिल पड़ी थी। आसपास के लोगों ने आशंकावश इस बात की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ग्राम प्रधान पनियरा को बुलाकर घर के अंदर गए। अंदर तीन लाश जमीन पर खून से लथपथ पड़ी हुई थी। रानी गुप्ता और बेटे मोहन की लाश गैलरी में पड़ी थी जबकि पूजा की लाश आंगन में पड़ी हुई थी। सभी के गले और मुंह पर धारदार हथियार के निशान थे। पास में ही हंसिया और खून लगा डंडा और एक टूटी हुई कुर्सी भी पड़ी थी।
रानी गुप्ता राजातालाब जक्खिनी सड़क पर मिल्कीपुर गांव में पूरब की पटरी पर रह रही थी। साथ में उसका बेटा मोहन भी रहता था। रानी की बेटी पूजा गुप्ता इधर कुछ महीनों से मां के घर आई थी। रानी गुप्ता का उसके पति भोला गुप्ता से विवाद होने के बाद वह यहां मिल्कीपुर में कई वर्षों से अपने एक बेटे के साथ रहती थी। जबकि एक बेटा दीपक और बेटी आरती भोला गुप्ता के साथ पनियरा गांव में रहते थे। भोला और रानी के बीच नहीं पटती थी। दोनों कई सालों से अलग-अलग रह रहे थे। बेटी पूजा गुप्ता की शादी बंदेपुर निवासी अरबिंद के साथ हुई थी। स्थानीय लोगों ने बताया कि अरविंद दो दिन पहले रानी गुप्ता के घर आया था। वह अक्सर यही रहा भी करता था। पूजा गुप्ता के तीन बच्चे हैं। एक डेढ़ साल का बच्चा पूजा के साथ रहता था। जबकि दो बच्चे उसके ससुराल में थे।पूजा का पति अरविंद दो दिन पहले छोटे बच्चे को भी अपने घर उठा ले गया था। स्थानीय लोगों ने बताया कि दो दिन पहले घर से झग़ड़े की आवाज आई थी। कयास लगाया जा रहा है कि यह घटना २ दिन पहले ही रात में घटित हो गई थी। घटना की सूचना के बाद पुलिस उच्चाधिकारी भी मौके पर पहुंचे थे। फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड भी मौके पर पहुंची।