सामना संवाददाता / नई दिल्ली
लीबिया में तूफान व भयंकर बारिश ने कहर मचा दिया है। पूर्वी शहर डर्ना में पिछले २४ घंटे में १,५०० से ज्यादा लोगों के शव मिले हैं। अभी तक ५,३०० से ज्यादा लोगों के मारे जाने और १० हजार से ज्यादा लोगों के लापता होने की खबर है। वजह है एक तूफान डैनियल की वजह से आई भयानक बाढ़।
तूयान व बारिश के कारण बांधों के टूटने से पानी तेजी से कई शहरों और गांवों में फैला। पूर्वी लीबिया के मंत्री मोहम्मद अबु-लमौशा ने बताया कि पहले आशंका २,३०० लोगों के मारे जाने की थी, लेकिन जिस हिसाब से नुकसान हुआ है, उससे लग रहा है कि ५,३०० से ज्यादा लोग मारे गए हैं। इन सबकी वजह भूमध्यसागर में आया तूफान डैनियल था। राजनीतिक और प्रशासनिक रूप से कमजोर देश में प्रकृति की यह मार खतरनाक साबित हुई। कई जगहों पर घर टूट गए। समुद्र का पानी बाढ़ का रूप लेकर शहर में घुस गया। बांध व ब्रिज टूट गए। इतनी भयानक तबाही पहले किसी ने नहीं देखी थी। इस तूफान को मेडिकेन भी बुलाया जा रहा है। लीबिया की हालत ऐसी है कि इस देश में दो विरोधी सरकारें राज कर रही हैं। एक पूर्वी तट की तरफ तो दूसरी पश्चिम की ओर। इस वजह से लीबिया में इंफ्रास्ट्रक्चर पर कोई ध्यान नहीं दे रहा है। डर्ना समुद्री तट के किनारे बसा शहर है। इतनी बड़ी संख्या में लोगों की मौत होने के कारण कई जगहों पर सामूहिक कब्रिस्तान बनाए जा रहे हैं। इंटरनेशनल फेडरेशन ऑफ रेडक्रॉस एंड रेड क्रिसेंट सोसाइटीज के लीबिया दूत तामेर रमादान कहते हैं कि मरने और लापता होने वालों का आंकड़ा अभी और बढ़ेगा।