मोतीलाल चौधरी / कुशीनगर
कुशीनगर जिले के कसया थाना क्षेत्र के मुंडेरा रतन पट्टी में बृहस्पतिवार को पोखरे में डूबने से दो बालकों की मौत हो गई। मृतकों के परिजन का रो-रो कर बुरा हाल है। दो बच्चों की मौत से मातम छा गया।
मिली जानकारी के अनुसार, बृहस्पतिवार लगभग तीन बजे नगरपालिका परिषद कुशीनगर के वॉर्ड नंबर-20 शहीद भगत सिंह नगर (रामनगर) निवासी जैनुद्दीन का 10 वर्षीय पुत्र विलाल व असलम सिद्दीकी का 12 वर्षीय पुत्र महताब सिद्दकी अपने कुछ दोस्तों के साथ वॉर्ड नंबर-19 शिवाजी नगर (मुंडेरा रतन पट्टी) स्थित पोखरे में नहाने गए थे। नहाते -नहाते दोनों गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। उनके डूबने के बाद दोस्त शोर मचाते हुए वहां से भागने लगे। शोर सुनकर आस-पास के लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों की मदद से पहले विलाल को पोखरे से बाहर निकाला गया। परिजन उसे सीएचसी कसया ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मृतक के परिजन के मुताबिक, विलाल कक्षा छह का छात्र था। दोपहर बाद स्कूल से छुट्टी होने पर घर आया था, जहां से अपने कुछ दोस्तों के साथ घर से नहाने के लिए गया था। मौत के बाद मां नसरीन जहां और उसकी नानी का रो-रो कर बुरा हाल है। जहां आस-पड़ोस की महिलाएं पहुंचकर उन्हें ढांढस बंधा रही थीं। परिजनों के दहाड़ से सबकी आंखें नम हो जा रही थीं, वहीं डूबने के चार घंटे बाद करीब सात बजे दूसरे डूबे बालक महताब को पोखरे से निकाला गया। सूचना पर ज्वाइंट मजिस्ट्रेट अंकिता जैन व तहसीलदार धर्मवीर सिंह ने मौके पर पहुंचकर घटना की पूरी जानकारी ली, वहीं परिजनों को सरकारी सहायता दिलाने के लिए जरूरी कार्रवाई के लिए भी आश्वासन दिया।