मोतीलाल चौधरी / कुशीनगर
आधी रात को सिगरेट पीने की जिद ने दो दोस्तों को मौत की नींद सुला दिया, जबकि एक गंडक नहर में डूब गया। उसका पता नहीं चल सका। आधी रात को हुई दुर्घटना की दास्तां सुनने वालों की आंखें भर जा रही हैं। सुबोध मणि के शोर मचाने पर आस-पास के गांव वाले पहुंच तो गए, लेकिन गंडक में अधिक पानी होने के कारण चाह कर भी बचा नहीं पाए। भीम सिंह की बहन को प्रसव हुआ है। वह गोरखपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती हैं। बृहस्पतिवार को परिवार के सभी लोग उन्हें अस्पताल मेंं देखने गए थे। लेकिन भीम सिंह अपने दोस्त सपहा निवासी पूर्व प्रधान राजन के साथ कार से गया था। गोरखपुर से शाम को सभी लोग घर के लिए निकले। परिवार के लोग देर शाम को घर पहुंच गए, लेकिन भीम राजन को उसके घर छोड़ने चले गया। सुबोध मणि के घर पर गांव के गुड़डू यादव और बभनौली गांव निवासी मनोज यादव मौजूद थे। आपस में हंसी-मजाक करने के बाद भीम दोस्तों को कार से लेकर सिगरेट पीने के लिए बभनौली चौराहे पर ले गया। उस समय बभनौली चौराहे की सभी दुकानें बंद थीं। बाकी दोस्त कार से उतर गए और भीम से अधिक रात होने की बात कह घर चलने के लिए कहा, लेकिन भीम ने किसी की बात नहीं सुनी और सिंगहा चौराहे पर सिगरेट पीने के लिए चलने की जिद करने लगा। उसकी जिद पर चारों दोस्त कार से सिंगहा के लिए चल दिए। अभी दामोदरी पुल के पास पहुंचे ही थे कि अचानक कार गंडक नहर में चली गई। भीम कार चला रहा था। मनोज और गुड्डू पीछे की सीट पर थे। मनोज और गुड्डू दिव्यांग थे। मनोज बभनौली चौराहे पर सिलाई करके अपना परिवार पालता था। मनोज अपने ससुराल से घर तक तो सुरक्षित पहुंच गया, लेकिन भीम की जिद ने दुनिया से अलविदा कर दिया। इनकी पत्नी सीमा और तीन साल का बेटा प्रतीक, चार साल की बेटी राजनंदनी का रो-रो कर बुरा हाल है। वह परिवार के इकलौता कमाऊ सदस्य थे। गुड्डू यादव भी एक पैर से दिव्यांग था। इनकी नौ वर्ष की बेटी अंकिता, तीन वर्ष की बेटी लाडली और छह वर्ष का बेटा जय है। इस घटना के बाद पिता का साया बच्चों के सिर से उठ गया। वहीं पत्नी नीरा देवी बदहवास हो गई हैं।
भीम सिंह अपने दो भाइयों और दो बहनों में छोटे हैं। भीम के पिता वीरेंद्र सिंह ने बताया कि शाम को फोन किया तो बताया कि परतावल में हूं, कपड़ा खरीद रहा हूं। देर हुई तो फिर फोन पिता ने किया तो भीम ने कप्तानगंज में होने की बात बताई। इसके बाद उनका मोबाइल स्विच ऑफ हो गया। घटना की जानकारी घर वालों को सुबह में हुई। अस्पताल में भर्ती बड़ी बहन आंचल बड़े भाई अंकुर और एक तीसरे नंबर की बहन है। गंडक नहर में लापता भीम के परिवार के सदस्य रो रहे थे। भीम मकान में अंदर दाखिल हो रहा था, उसी दौरान भीम पहुंचा और सिगरेट पीने की जिद करने लगा। उन्हें दरवाजे पर काफी समझाया गया, लेकिन वह नहीं माने और ऐसा हादसा हुआ कि हंसता-खेलता दोनों दोस्तों का परिवार बिखर गया। ये बातें कहते हुए मौत के मुंह से निकले सुबोध मणि फफक पड़े। उन्होंने बताया कि भीम काफी जिद्दी था। जो कहता था उसे पूरा कर के ही मानता था। सिंगहा चौराहा से जाते वक्त कई बार गाड़ी धीरे चलाने के लिए कहा, लेकिन उसने नहीं सुना। बभनौली चौराहे पर कार से नीचे भी उतर गए। लेकिन वह माना नहीं सबको ले डूबा। कार नहर में गिरी, तो मैं आगे वाली सीट पर बैठा था। शीशा तोड़कर कैसे बाहर निकला मुझे कुछ भी याद नहीं है। शोर मचाने के बाद लोग आए। दोस्तों को बचाने के लिए विनती भी की। लेकिन पानी अधिक होने के कारण कोई नहर में नहीं उतरा। अगर उस समय कार से निकाल लिया गया होता तो शायद दोस्तों की जान बच गई होती। इस घटना से सुबोध सदमे में हैं।