मुख्यपृष्ठसमाचारउपनगरों में मनपा के दो नए अस्पताल ले रहे हैं आकार

उपनगरों में मनपा के दो नए अस्पताल ले रहे हैं आकार

सामना संवाददाता / मुंबई

मुंबई मनपा शहर में स्थित उपनगरीय अस्पतालों की स्वास्थ्य सेवाओं का कायापलट कर रही है। इसी के तहत मनपा के कुल १६ में से ८ उपनगरीय अस्पतालों का तेजी से पुनर्विकास और विस्तार का काम किया जा रहा है। इसके साथ ही दो नए उपनगरीय अस्पताल भी बन रहे हैं। बताया गया है कि शहर में २,५५९ बेड बढ़ जाएंगे। स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, आनेवाले समय में उपनगरीय अस्पतालों की सेवाओं में न केवल बेडों की संख्या में वृद्धि होगी, बल्कि सुपर स्पेशलिटी सेवाएं भी उपलब्ध होंगी, जिसमें सीधे १,०९९ बेड उपलब्ध होंगे। कोविड काल के बाद मनपा प्रशासन स्वास्थ्य देखभाल पर बहुत ध्यान दे रहा है। मनपा आयुक्त इकबाल सिंह चहल के निर्देश और अपर नगर आयुक्त (पश्चिमी उपनगर) डॉ. संजीव कुमार के मार्गदर्शन में स्वास्थ्य सेवाओं को हर स्तर पर सुदृढ़ किया जा रहा है। मनपा के प्रमुख अस्पतालों व मेडिकल कॉलेज के साथ ही उपनगरीय अस्पतालों में दी जा रही स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।
बढ़ेंगे आईसीयू बेड
उपनगरीय अस्पतालों में आईसीयू, एनआईसीयू और आईपीसीयू बेड की संख्या वर्तमान में २४९ है, जो बढ़कर ७०५ हो जाएगी। इसके अलावा सर्जरी विभाग और मॉड्यूलर सर्जरी विभाग के तहत कुल ८९ कमरों को बढ़ाकर २१२ कर दिया जाएगा। उपनगरीय अस्पतालों में विभिन्न स्वास्थ्य सुविधाएं हैं, लेकिन वर्तमान में सुपर स्पेशलिटी सुविधाएं प्रदान नहीं की जा रही हैं। अब यह दिक्कत दूर हो जाएगी।

अन्य समाचार