मुख्यपृष्ठनए समाचारदो सगे भाई मुस्लिम से बने हिंदू! ...संतों ने मंत्रोच्चारण के साथ...

दो सगे भाई मुस्लिम से बने हिंदू! …संतों ने मंत्रोच्चारण के साथ करवाई `घर वापसी’

समीर खान और रोशन खान से बने समीर जामकर और रोशन जामकर
घर वापसी करने वाले दोनों भाइयों ने कहा-पूर्वजों के धर्म में वापसी कर खुशी हो रही है
योगेंद्र सिंह ठाकुर / पालघर
पालघर जिले के रहने वाले मुस्लिम समुदाय के दो सगे भाइयों ने हिंदू धर्म से प्रेरित होकर अपना धर्म बदल लिया है। दोनों मुस्लिम युवकों को हिंदू जनजागृति संस्था के सरंक्षक डॉ. परमहंस गिरिजी महाराज के सानिध्य में ५ पंडितों द्वारा मंत्रोचार व विशेष पूजन के बाद हिंदू धर्म में वापस शामिल किया गया है। दोनों हिंदू धर्म में घर वापसी कर समीर खान (२४) और रोशन खान (२५) से समीर जामकर और रोशन जामकर बन गए हैं। महंत डॉक्टर परमहंस गिरिजी महाराज ने बताया कि पूरे विधि-विधान व विशेष पूजा-पाठ और शुद्धिकरण के बाद दोनों मुस्लिम भाइयों द्वारा हिंदू धर्म को अपनाया गया है। हिंदू जनजागृति संस्था के महामंत्री प्रवीण व्यास ने बताया कि हिंदू धर्म से प्रभावित होकर दोनों ने शुक्रवार को हिंदू धर्म अपना लिया। उन्हें बचपन से ही हिंदू धर्म में आस्था थी। दोनों भाइयों ने हिंदू जनजागृति संस्था से जुड़े मनीष कंसारा व संतोष नारायण से संपर्क किया और पूरे रीति-रिवाज से हिंदू धर्म को अपना लिया। दोनों तलासरी इलाके के रहने वाले हैं।

युवकों ने बताई `घर वापसी’ की वजह
`घर वापसी’ के बाद समीर जामकर और रोशन जामकर का कहना था कि हिंदू धर्म शांतिपूर्ण धर्म है। दोनों का लगाव सदैव से हिंदू धर्म में था और वह वहां अधिकतर मंदिरों में जाकर पूजा-अर्चना करते थे। हम अपनी इच्छा से हिंदू धर्म ग्रहण कर रहे हैं, हमें हिंदू धर्म से लगाव है और हम इसी धर्म को मानते हैं। बचपन से ही हमारी हिंदू धर्म में आस्था है। उनकी नानी हिंदू धर्म से थीं। दोनों ने अपने घर में एक मंदिर भी बना रखा है। दोनों भाइयों ने कहा कि हिंदू धर्म अपना कर अब उनका बचपन का सपना पूरा हुआ।

हिंदू जन जागृति संस्था की राष्ट्रीय संगठन मंत्री तुलसी छीपा के मुताबिक, दोनों भाइयों की इच्छा को देखते ही उनकी घर वापसी कराई गई है। अब जल्द ही आधिकारिक रूप से उनका नाम भी बदल जाएगा। इसके लिए कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। अशोक राजपूत, अजीत गुप्ता, पराग यादव, पीयूष धोडी, संतोष नारायण, पिंकी सिंह, सुचिस्मिता भोई सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।

अन्य समाचार