मुख्यपृष्ठनए समाचारबेमौसम बारिश ने दी दस्तक, बीमारियां फैला सकती हैं पांव!

बेमौसम बारिश ने दी दस्तक, बीमारियां फैला सकती हैं पांव!

• विशेषज्ञों ने दी सावधानी बरतने की सलाह
• सर्दी, जुकाम, वायरल फीवर के बढ़ सकते हैं मामले
सामना संवाददाता / मुंबई
महाराष्ट्र के कई हिस्सों में बेमौसम बारिश ने आफत मचा रखी है। इन सबके बीच मुंबई में भी एक बार फिर से बेमौसम बारिश ने दस्तक दी है। बीती रात शहर में तेज आंधी और बिजली की गड़गड़ाहट के साथ बारिश हुई। तेज आंधी के कारण मुंबई के कुछ स्थानों पर पेड़ गिर गए तो कई जगहों पर तूफान ने घरों पर लगे पत्रों को उड़ा दिया। बारिश ने भले की मुंबई के ताप को कुछ हद तक कम कर दिया है, जिस कारण मुंबईकरों को गर्मी से थोड़ी राहत मिली है। हालांकि, विशेषज्ञों ने कहा है कि शहर में अचानक बदल रहा मौसम मुंबईकरों के स्वास्थ्य के लिए बुरा साबित हो सकता है। उन्होंने संभावना जताई है कि बीमारियां पांव फैलाएंगी।
विशेषज्ञों के मुताबिक, बार-बार हो रही बेमौसम बारिश की वजह से सर्दी, जुकाम एवं वायरल फीवर के मामले बढ़ सकते हैं। उन्होंने संभावना जताई है कि बीते कुछ दिनों से कोरोना, एच१एन१ और एच३एन२ एक साथ ट्रिपल अटैक किए हैं। ऐसे में अब बारिश अपने साथ रोगों की कई सौगात भी साथ लाएगी।
मनपा प्रशासन के मुताबिक, बुधवार की आधी रात को मुंबई के कई हिस्सों में आंधी और तेज हवाएं चलीं। आंधी के चलते कुछ क्षेत्रों में पेड़ और उनकी शाखाएं गिर गर्इं। इतना ही नहीं घरों की टीन के पत्रे भी उड़ गए। मनपा के मुताबिक, बारिश से किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। हालांकि, शहर और पूर्वी उपनगरों में हल्की बारिश हुई, जबकि पश्चिमी उपनगरों में रात एक बजे से दो बजे के बीच बिजली और गरज के साथ तेज बारिश हुई। बारिश के कारण वेस्टर्न एक्सप्रेस हाइवे और जोगेश्वरी-विक्रोली लिंक रोड सहित मुंबई के कुछ हिस्सों में पानी भरने जैसी स्थिति दिखी। बताया गया कि मुंबई के अंधेरी, जोगेश्वरी, गोरेगांव, मलाड, विलेपार्ले, मरोल इलाकों में तेज बारिश हुई है। मुंबई एयरपोर्ट इलाके में आंधी भी चली।
मुंबई में इतना दर्ज हुआ बारिश
एक अधिकारी ने कहा कि मालवाणी फायर स्टेशन और गोरेगांव में २१ मिमी, बोरीवली फायर स्टेशन में १९ मिमी, एचबीटी ट्रॉमा केयर अस्पताल (जोगेश्वरी) में १७ मिमी, मरोल फायर स्टेशन में १४ मिमी और कांदिवली फायर स्टेशन में १२ मिमी बारिश दर्ज की गई।
कोकण समेत मध्य महाराष्ट्र और मराठवाड़ा में होगी बारिश
फसलों को लगा तगड़ा झटका
इस बीच पिछले आठ से दस दिनों से राज्य में बेमौसम बारिश कई बार हुई है। बारिश राज्य के अलग-अलग हिस्सों में हो रही है। इससे कृषि फसलों को भारी नुकसान हो रहा है। कई जगहों पर किसानों की खड़ी फसलें चौपट हो गई हैं। केला, आम, संतरा, अंगूर के बागों को काफी नुकसान हुआ है। रबी सीजन की गेहूं, चना, ज्वार और प्याज की फसल को भी तगड़ा झटका लगा है। सब्जियों की फसल को भी काफी नुकसान हुआ है। सबसे ज्यादा नुकसान नासिक जिले में प्याज की फसल को हुआ है। बारिश से कटी हुई प्याज खेत में ही सड़ रही है।

अन्य समाचार