लखनऊ। योगी आदित्यनाथ की सरकार में फिर साधु की निर्मम हत्या हुई है। इस बार बरेली के फरीदपुर क्षेत्र में एक साधु की निर्मम हत्या कर दी गई। मंगलवार की सुबह साधु का शव लहूलुहान हालत में श्मशान भूमि पर पड़ा मिला। उनकी हत्या गला रेतकर की गई है। पेट पर भी धारदार हथियार से प्रहार किए गए हैं। एसपी देहात राजकुमार अग्रवाल घटनास्थल पर मौका-मुआयना कर घटना की जानकारी ली। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मिली जानकारी के मुताबिक फरीदपुर के मोहल्ला परा में श्मशान है। श्मशान भूमि पर ही एक कमरा और बरामदा बना हुआ है। पास में काली माता का मंदिर है। ६५ वर्षीय साधु बाबा भूषण नाथ यहां करीब २५ वर्षों से रह रहे थे। सोमवार की रात किसी ने उनकी हत्या कर दी। मंगलवार की सुबह साधु का शव बरामदे में चारपाई पर पड़ा मिला। धारदार हथियार से उनका गला काटा गया है। माना जा रहा है कि हत्या में बाबा के किसी करीबी का हाथ है। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच-पड़ताल कर रही है। बताया गया है कि श्मशान भूमि के पास ही एक तालाब है, जिसे पाटा जा रहा था। इसके कारण तालाब का पानी श्मशान भूमि में पहुंच रहा है। साधु इसका विरोध कर रहे थे। समाचार लिखे जाने तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।