४० प्रतिशत कमीशनखोरी से त्रस्त थी जनता’
सामना संवाददाता / नई दिल्ली
मंदिर-मस्जिद की राजनीति करके चुनावों में वोटरों का ध्रुवीकरण करनेवाली भाजपा को कर्नाटक की जनता ने उसे बुरी तरह सबक सिखाया है। विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को शानदार जीत मिली है और भाजपा बुरी तरह से पराजित हुई है। कर्नाटक के नतीजे से कांग्रेस समेत विपक्ष में जोरदार उत्साह है और माना जा रहा है कि २०२४ में भी भाजपा का ऐसा ही हाल होगा। कर्नाटक की जीत से कांग्रेसियों में नया जोश भर गया है। माना जा रहा है कि कर्नाटक में मिली जीत का असर पूरे देश में होगा। खासकर चुनावी राज्य राजस्थान, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में देखने को मिल सकता है। इस बीच राजस्थान सरकार के मंत्री अशोक चांदना ने कहा है कि कर्नाटक की जनता ने भाजपा को बता दिया है कि अब मंदिर-मस्जिद का मुद्दा नहीं चलेगा।
अशोक चांदना ने कहा कि देश में महंगाई, बेरोजगारी, धर्म और जातियों के नाम पर बढ़ रही अराजकता सबसे बड़ा मुद्दा है। देश में अब मुद्दों पर राजनीति होगी। गहलोत के मंत्री ने कहा कि कर्नाटक की जनता भाजपा की ४० प्रतिशत की कमीशन खोरी से त्रस्त थी। भाजपा और उसके मंदिर-मस्जिद के मुद्दे को कर्नाटक की जनता ने ठुकरा दिया है। जनता ने कांग्रेस को भारी बहुमत दिया है। अब देश में सिर्फ विकास के मुद्दे की बात होगी। दरअसल, सवाई माधोपुर जिला मुख्यालय के दशहरा मैदान पर कल शनिवार को जिलास्तरीय मेगा जॉब फेयर का आयोजन किया गया। इसमें राजस्थान सरकार के मंत्री अशोक चांदना ने शिरकत की।
‘बजरंग बली ने भाजपा की ‘लंका’ जला दी’
कांग्रेस के जामताड़ा विधायक डॉक्टर इरफान अंसारी ने अपने ट्विटर हैंडल पर कुछ फोटो और वीडियो पोस्ट कर भाजपा पर हमला बोला। इरफान अंसारी ने कहा कि आज उन्होंने बजरंग बली की पूजा भी की। अंसारी ने कहा कि बजरंग बली ने भाजपा की लंका को जला दिया। यही नहीं, उन्होंने सोशल मीडिया पर बजरंग बली मंदिर में अन्य श्रद्धालुओं के साथ जयकारा लगाता हुआ वीडियो भी अपलोड किया है। इरफान अंसारी ने कहा कि जिस प्रकार से भाजपा के सभी नेता-कार्यकर्ता कर्नाटक में बजरंग बली को मुद्दा बनाकर चुनाव जीतने का प्रयास कर रहे थे, वो गलत था। इसी से नाराज होकर बजरंग बली ने भाजपाइयों की लंका को जला दिया है। इरफान अंसारी ने कहा कि बीजेपी इंसानों की आंखों में धूल झोंक सकती है, लेकिन बजरंग बली की आंखों में नहीं। संकटमोचन बजरंग बली ने कर्नाटक की जनता को भाजपा के संकट से बचाया है, अब वो पूरे देश की जनता को बीजेपी से मुक्ति दिलाएंगे।