सामना संवाददाता / मुंबई
राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के विधायक जितेंद्र आव्हाड ने परली विधानसभा क्षेत्र में कथित अनियमितता के मामले में राज्य के खाद्य व नागरिक आपूर्ति मंत्री धनंजय मुंडे पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा है कि परली वोटिंग केंद्र पर मतदाता अपनी उंगलियों पर स्याही लगाकर निकलते थे। उसके बाद वह गैंग बटन दबाता था। उन्होंने इसे लेकर एक वीडियो भी पोस्ट किया है।
जितेंद्र आव्हाड ने सोशल मीडिया एक्स पर एक वीडियो रीपोस्ट किया है। इसमें एक व्यक्ति ईवीएम पर धनंजय मुंडे को वोट देता हुआ नजर आ रहा है। वीडियो को शेयर करने वाले गजाभाऊ नामक व्यक्ति ने दावा किया है कि यह वीडियो मतदान केंद्र पर कब्जा करने के दौरान फिल्माया गया था। इस पोस्ट में कहा गया है कि यह गीते की एक और उपलब्धि है। उन्होंने मतदान करते हुए अपना एक वीडियो पोस्ट किया है। इस पोस्ट को जितेंद्र आव्हाड ने रीपोस्ट किया।
सस्साजोग मामले में मुश्किल में धनंजय मुंडे
उल्लेखनीय है कि सरपंच संतोष देशमुख की हत्या के कारण मंत्री धनंजय मुंडे मुश्किलों में फंस गए हैं। इस हत्या से संबंधित जबरन वसूली के मामले में उनके विश्वासपात्र वाल्मीक कराड को गिरफ्तार किया गया है। इसके चलते बीड के सभी दलों के विधायकों ने धनंजय मुंडे के इस्तीफे की मांग की है। वाल्मीक कराड के खिलाफ कई गंभीर अपराध दर्ज, लेकिन उसके बाद भी आरोप है कि उनके खिलाफ कोई सख्त कार्रवाई नहीं की जा रही है।