मुख्यपृष्ठनए समाचारहर खेत में आएगा पानी, रफूचक्कर होगी अन्नदाता की परेशानी

हर खेत में आएगा पानी, रफूचक्कर होगी अन्नदाता की परेशानी

मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने लटेरी, विदिशा में किया 132 करोड़ के कार्यों का लोकार्पण, भूमि पूजन

दीपक तिवारी

विदिशा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत दुनिया में सर्वश्रेष्ठ देश बनने की ओर अग्रसर है। हमारी सरकार सभी वर्गों के कल्याण के लिए कार्य कर रही है। युवा, गरीब, किसान और महिलाएं हमारी विशेष प्राथमिकता है। मध्य प्रदेश तेज गति से देश का सर्वश्रेष्ठ राज्य बनने के लिए कार्य कर रहा है। हर खेत में पानी पहुंचाकर किसानों को खुशहाल बनाना सरकार का लक्ष्य है।

मुख्यमंत्री डॉ यादव आज लटेरी, विदिशा में विकास कार्यों के लोकार्पण, शिलान्यास कार्यक्रम में को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने क्षेत्र के लिए 132 करोड़ रुपए से अधिक के विकास कार्यों का लोकार्पण व शिलान्यास किया, इनमें 80 करोड़ 16 लाख रुपए के 54 विकास कार्यों का भूमि पूजन और 51 करोड़ 96 लाख रुपए के 198 विकास कार्यों का लोकार्पण शामिल है। मुख्यमंत्री ने विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों को हित लाभ भी वितरित किए। कार्यक्रम में विदिशा जिले में 505 हेक्टेयर चरनोई की भूमि को अतिक्रमण मुक्त किए जाने पर एक लघु फिल्म का प्रदर्शन भी किया गया।

मुख्यमंत्री डॉक्टर यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के प्रयासों से केन-बेतवा और पार्वती-काली सिंध चंबल लिंक परियोजनाओं के माध्यम से प्रदेश को दो बड़ी सिंचाई परियोजनाएं मिली हैं। इससे न केवल बुंदेलखंड अपितु मालवा और चंबल क्षेत्र में भी बड़े क्षेत्र में सिंचाई, पेयजल सुविधा मिलेगी। इस क्षेत्र के भी 360 गांव को जल उपलब्ध होगा। हमारा लक्ष्य है हर किसान के खेत में पानी पहुंचाना। हर खेत में पानी आने से किसान की जिंदगानी बदलेगी। कृषि उत्पादन में हम पंजाब, हरियाणा को भी पीछे छोड़ने वाले हैं। उन्होंने किसानों से कहा कि वे अपनी जमीन बिल्कुल भी न बेचें।

मुख्यमंत्री डॉक्टर यादव ने कहा कि कृषि, पशुपालन, शिक्षा, स्वास्थ्य, उद्योग, रोजगार आदि सभी क्षेत्रों में प्रदेश में तेज गति से विकास हो रहा है। हर गरीब को पक्का मकान दिलाने के लिए प्रधानमंत्री संकल्पित हैं। आयुष्मान भारत योजना में 5 लाख रुपए तक का इलाज मुफ्त है। उद्योग और रोजगार बढ़ाने के लिए सरकार निरंतर कार्य कर रही है। उज्जैन, सागर, रीवा, जबलपुर और ग्वालियर में आयोजित इन्वेस्टर्स समिट में करोड़ों के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं। युवा वर्ग के लिए सरकार शीघ्र ही एक लाख सरकारी और निजी क्षेत्र में लगभग 3 लाख पदों पर भर्ती करने जा रही है।

अन्य समाचार

आया वसंत