– टाइम टेबल ‘रीशेड्यूलिंग’ की एक दशक से हो रही है मांग
रेल प्रशासन को सुध नहीं
सामना संवाददाता / मुंबई
मुंबई की लोकल ट्रेनों से यात्रा करनेवाले यात्रियों के लिए पश्चिम रेलवे इन दिनों ‘परेशान रेलवे’ बन गई है। लंबे समय से यात्री इन लोकल ट्रेनों के टाइम टेबल की ‘रीशेड्यूलिंग’ की मांग कर रहे हैं, पर रेलवे प्रशासन के कान पर जूं नहीं रेंग रहा है। नतीजे में यात्रियों को हर दिन ट्रेन के लिए लंबा-लंबा इंतजार करना पड़ रहा है।
शॉर्ट रूट से यात्री हैं परेशान
पश्चिम रेलवे के टाइम टेबल में सुधार की सख्त जरूरत है, क्योंकि मौजूदा हालात में यात्रियों की समस्याएं बढ़ती ही जा रही हैं। पीक समय के दौरान, रेलवे की अव्यवस्थित सेवा ने यात्रियों को बेहद परेशान कर दिया है। विशेष रूप से स्लो ट्रैक पर यात्रा करने वाले यात्रियों को सबसे ज्यादा मुसीबतों का सामना करना पड़ रहा है। पीक समय में जब यात्रियों की भीड़ चरम पर होती है, उस वक्त एक ओर शॉर्ट रूट जैसे विरार से अंधेरी, घाटकोपर से सीएसएमटी मार्ग पर एसी और फास्ट ट्रेनों को प्राथमिकता दी जा रही है। वहीं स्लो ट्रेनों को या तो कैंसिल किया जा रहा है या उनकी समय सारिणी को पूरी तरह नजरअंदाज किया जा रहा है। ऐसे में लॉन्ग रूट लोकल (कल्याण से सीएसएमटी और विरार से चर्चगेट) वाले यात्री परेशान नजर आते हैं। हाल ही में घटी एक घटना ने यात्रियों के सब्र का बांध तोड़ दिया। पहले एक स्लो ट्रेन कैंसिल कर दी गई, फिर एक एसी ट्रेन को चलाई गई। इसके साथ ही चर्चगेट के लिए स्लो लोकल भी रद्द कर दी गई। इसके बाद लेडीज स्पेशल ट्रेन आ गई। इस गड़बड़ी के कारण यात्रियों को ३० से ४५ मिनट की देरी झेलनी पड़ी। ऐसी घटनाएं अक्सर हो रही हैं। इससे यात्रियों में भारी आक्रोश फैल रहा है। ऐसे में पीक ऑवर में रोजाना यात्रा करनेवाले यात्रियों का कहना है कि कभी भी इस आक्रोश का विस्फोट हो सकता है।
मध्य रेलवे पर सेवाएं
सीएसएमटी से खोपोली,
बदलापुर, अंबरनाथ, कर्जत
फास्ट: १४२
धीमी: १००
सीएसएमटी से कसारा,
आसनगांव, टिटवाला
फास्ट: ६३
धीमी: ८९
सीएसएमटी से कल्याण
फास्ट: ६५
धीमी: ४३५
कुल सेवाएं:
फास्ट: २७०
धीमी: ६२६
मुख्य लाइन:८९४
कुल सेवाएं
(मध्य रेलवे): १,८१०