राधेश्याम सिंह / वसई
पिता द्वारा अपनी 22 वर्षीय बेटी का शारीरिक शोषण करने की चौंकाने वाली घटना सामने आई है। आरोपी पिता बेटी को घर में रखता था और उसके साथ मारपीट और दुष्कर्म करता रहता। क्षयरोग बीमारी से ग्रसित होने के बाद भी लड़की के साथ दुष्कर्म करता रहा। पीड़िता की मौत के बाद उसकी मां ने पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई। पीड़िता नालासोपारा पश्चिम में रहती थी। वह पिछले 3 माह से क्षयरोग से पीड़ित थी। उसे 11 नवंबर को मुंबई के जेजे अस्पताल की गहन चिकित्सा इकाई में भर्ती कराया गया था, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पीड़िता की मां ने नालासोपारा पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई है कि पीड़िता के 54 वर्षीय पिता ने उसके साथ बलात्कार किया और उसे शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया। पीड़िता के साथ उसका पिता लगातार दुष्कर्म करता रहा। धमकी दे रखा था कि इस तरह की बात किसी को बताई तो जान से मार दूंगा। इसलिए पीड़िता और उसकी मां डर के कारण चुप रहती थी। आरोपी पिता लड़की को हर समय मारता-पीटता था। पिता के द्वारा दुष्कर्म करने की वजह से लड़की गर्भवती हो गई और पिता ने उसका जबरन गर्भपात करा दिया था। इस बीच बेटी की मौत के बाद मां ने हिम्मत करके पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने उसकी मां की शिकायत पर आरोपी पिता के खिलाफ धारा 376 (एन), 354 (अ ) के साथ ही 342, 322, 323, 504, 506, 34 के तहत मामला दर्ज किया है। पीड़िता की मां ने आरोप लगाया है कि लड़की की मौत उसके पिता की पिटाई और शारीरिक शोषण के कारण हुई है, जबकि अस्पताल से जानकारी मिली है कि प्रथम दृष्टया पीड़िता की मौत क्षयरोग (टीबी) के कारण हुई है। मां की शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी पिता पर पीड़ित के साथ दुष्कर्म, छेड़छाड़, गर्भपात कराने, जबरन अपने पास रखने समेत कई धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा इस तरह की जानकारी नालासोपारा पुलिस स्टेशन के सहायक पुलिस निरीक्षक कदम ने दी।