• मुंबई को लूटनेवाली खोके सरकार के खिलाफ
• १ जुलाई को मनपा मुख्यालय पर शिवसेना का धड़क मोर्चा
सामना संवाददाता / मुंबई
मुंबई महानगर में तमाम योजनाओं में भ्रष्टाचार कर मुंबईकरों की मेहनत की कमाई पर झपट्टा मारने वाली गद्दार शिंदे सरकार के खिलाफ शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) आगामी एक जुलाई को विशाल धड़क मोर्चा निकालेगी। शिवसेना के इस मोर्चा से राज्य ही नहीं, केंद्र सरकार के सिंहासन को भी झटका लगेगा। युवासेनाप्रमुख आदित्य ठाकरे ने ट्वीट कर गद्दार शिंदे सरकार पर हमला बोला है। उन्होंने कहा कि मुंबईकरों की गाढ़ी कमाई को लूटने वाली शिंदे सरकार से एक जुलाई को जवाब मांगा जाएगा। उन्होंने शिंदे सरकार को जोरदार फटकार लगाते हुए कहा कि इस सरकार ने मुंबई की वाट लगाई है। मुंबई को तुंबई बनाने में अहम भूमिका निभाई है। मुंबईकरों को मुसीबत में डाला है।
मुंबई में विराट मोर्चा और उसमें धधकते विचारोंवाली शिवसेना के मोर्चे से सत्ताधारियों में डर बढ़ गया है। इसीलिए एक जुलाई को होनेवाले शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के मोर्चा से पहले ही गद्दार गुट के खेमे में घबराहट फैल गई है। शिवसेना के मोर्चा में अड़ंगा डालने का प्रयास अभी से शुरू है। लेकिन किसी भी परिस्थिति में मोर्चा निकलेगा ही, ऐसी दृढ़ भूमिका के साथ शिवसैनिक और मुंबईकर सड़क पर उतरेंगे, ऐसा विश्वास आदित्य ठाकरे ने व्यक्त किया है।
उल्लेखनीय है कि मुंबई मनपा में असंवैधानिक सरकार द्वारा किए गए घोटाले को उजागर करने के लिए शिवसेना आगामी १ जुलाई को विराट मोर्चा निकालने वाली है। इस मोर्चे को लेकर जोरदार तैयारी शुरू है। शिवसेना और इससे जुड़े संगठनों के पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं की बैठक शिवसेना भवन में आए दिन हो रही है। शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) पक्षप्रमुख उद्धव ठाकरे और विधायक आदित्य ठाकरे लगातार शिवसैनिकों का मार्गदर्शन कर रहे हैं। मोर्चा का टीजर भी लॉन्च कर दिया गया है।