मुख्यपृष्ठनए समाचारझारखंड में कलाकारों के लिए विशेष पाॅलिसी लाएंगे-हेमंत सोरेन

झारखंड में कलाकारों के लिए विशेष पाॅलिसी लाएंगे-हेमंत सोरेन

अनिल मिश्र / रांची

झारखंड की राजधानी रांची सहित पूरे प्रदेश में मनाई जाने वाली दो दिवसीय विश्व आदिवासी दिवस महोत्सव का भव्य तरीके से समापन हो गया। इस अवसर पर पूरे प्रदेश में आदिवासियों ने अपनी पारंपरिक रीति-रिवाज सहित पारंपरिक परिधानों में सज-संवरकर बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। इस कार्यक्रम को सफल बनाने में सभी राजनीतिक दलों के साथ-साथ स्वयंसेवी संस्थाओं ने भी हिस्सा लिया। इस अवसर पर क्षेत्रीय विधायक के अलावा प्रशासनिक अधिकारियों का भी योगदान अनुकरणीय रहा। पूरे प्रदेश में इस अवसर पर मांदर (ढोल) की थाप पर आदिवासी युवक और युवतियां नाचते-थिरकते नजर आए। विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर संपूर्ण झारखंड प्रदेश में मांदर की थाप की गूंज गुंजती रही।
विश्व आदिवासी दिवस महोत्सव का मुख्य आकर्षण झारखंड की राजधानी रांची के बिरसा मुंडा उद्यान पार्क रहा। विश्व आदिवासी दिवस महोत्सव में यहां देशभर से आए आदिवासी कलाकारों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। इस महोत्सव में देशभर की समृद्ध आदिवासी कला और संस्कृति की झलक देखने को मिला।
दो दिवसीय चलने वाले इस विश्व आदिवासी महोत्सव का समापन मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने किया। इस समापन समारोह को संबोधित करते हुए झारखंड के मुख्यमंत्री ने कहा कि आदिवासी की उपलब्धता और देश के अलग-अलग कोने से आये हुए आदिवासी किस तरह की चुनौतियां का सामना कर रहे हैं। आज कई सारी चीजें मेरे सामने लाई जाती हैं। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने समारोह में आने वाले कलाकारों से वादा किया कि अगर वो विधानसभा चुनाव में जीतकर आते हैं तो २०२५ में कलाकारों के लिए एक अलग पाॉलिसी लाएंगे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने आदिवासियों से अपील करते हुए कहा कि हम लोग के साथ काफी चुनौतियां हैं। इसको डटकर मुकाबला करना है। आज आदिवासी सभी क्षेत्रों में पीछे हैं। आज हम लोग सिविल सेवा से लेकर ज्यूडिशियरी में भी नगण्य स्थिति में हैं। हम लोगों को जल, जंगल और जमीन के साथ-साथ शिक्षा में भी आगे आकर समाज के सभी लोगों के साथ-साथ कदम मिलाकर चलना होगा।

अन्य समाचार

भ्रम