सामना संवाददाता / मुंबई
विपक्षी दलों पर भ्रष्टाचार का आरोप लगानेवाली भाजपा के भ्रष्ट चेहरे को बेनकाब करेंगे, ऐसा दावा कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष नाना पटोले ने किया है। उन्होंने कहा कि शिंदे सरकार में भाजपा के कई मंत्री भ्रष्ट हैं। उनके भ्रष्टाचार की जानकारी हमारे पास है। जल्द ही हम उन्हें बेनकाब करेंगे। पटोले ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री ने हाल ही में जिस पार्टी के नेताओं पर ७० हजार करोड़ रुपए के भ्रष्टाचार का आरोप लगाया था। दो दिन के अंदर उस पार्टी के नेता सत्ता में शामिल हो जाते हैं। यह वैâसे हो गया? क्या भाजपा में आकर नेता पवित्र हो जाते हैं? पटोले ने यह सवाल भाजपा से पूछा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी समेत देश के अहम विपक्षी दलों द्वारा बनाए गए `इंडिया’ गठबंधन की तीसरी बैठक मुंबई में हो रही है। यह बैठक ३१ अगस्त और १ सितंबर को मुंबई के ग्रैंड हयात होटल में आयोजित की गई है। सुप्रीम कोर्ट द्वारा राहुल गांधी की सजा पर रोक लगाने के बाद से इस बैठक का विशेष महत्व हो गया है। बैठक की तैयारी के लिए महाविकास आघाड़ी के तीनों दलों के ५-५ नेताओं का एक समूह बनाया गया है। यह समूह कांग्रेस पार्टी की ओर से पूर्व मुख्यमंत्री अशोक चव्हाण के नेतृत्व में काम करेगा। मुंबई की इस बैठक को सफल बनाने के लिए महाविकास आघाड़ी में शामिल तीनों दल के नेता जोर-शोर से काम कर रहे हैं। नाना पटोले ने कहा कि मुंबई में यह बैठक सफल हो, इसकी तैयारियों में आघाड़ी के सभी नेता जुट गए हैं। इस बैठक में विभिन्न विषयों पर चर्चा होगी। इस बैठक में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, संसदीय कांग्रेस पार्टी की अध्यक्ष सोनिया गांधी, पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी समेत इंडिया अलायंस घटक दलों के प्रमुख, गैर भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्री और विपक्ष के नेता मौजूद रहेंगे। पटोले ने कहा कि इस संबंध में राज्य सरकार को जानकारी दी जाएगी, ताकि नेताओं की सुरक्षा व्यवस्था का पूरा ध्यान रखा जाए।