मुख्यपृष्ठसमाचारजान लेकर ही मानेगा क्या? ...एक शख्स को सांप ने डेढ़ महीने...

जान लेकर ही मानेगा क्या? …एक शख्स को सांप ने डेढ़ महीने में ६ बार डसा

कभी-कभी कोई ऐसी घटना सामने आती है कि विश्वास करना मुश्किल होता है। आपने बचपन में नागिन के बदले वाली कहानी भी सुनी होगी। कहा जाता है कि नाग की हत्या का बदला लेने के लिए नागिन बार-बार हत्यारे पर अटैक करती है। हम इस कहानी का जिक्र इसलिए कर रहे हैं, क्योंकि यूपी के फतेहपुर में कुछ ऐसा ही मामला देखने को मिल रहा है। ऐसा लग रहा है कि एक सांप शख्स की जान लेकर ही मानेगा।
बता दें कि यहां फतेहपुर के एक युवक को सांप ने डेढ़ महीने के अंदर ६ बार काटा है। इलाज के बाद युवक ठीक भी हो जाता है। युवक का इलाज करने वाले डॉक्टर भी हैरान हैं। युवक जिसके डर से घर छोड़कर अपने चाचा के घर पर रहने लगा, जहां फिर से उसे सांप ने काट लिया। युवक के साथ-साथ परिजन भी खासा परेशान हैं। ये मामला फतेहपुर जिले के मलवा थाना क्षेत्र के सौरा गांव का है। २४ वर्षीय पीड़ित विकास से बातचीत की गई तो उसने हैरान कर देने वाली बातें बतार्इं।
विकास ने बताया कि २ जून को रात ९ बजे बिस्तर से उतरते हुए पहली बार सांप ने काटा। १० जून की रात फिर से सांप ने काटा। उसके मन में सांप का डर बैठ गया और वह सावधानी बरतने लगा। सात दिन बाद १७ जून को घर में सांप ने उसे काट लिया। चौथी बार सांप ने चौथे दिन ही फिर से डस लिया। इसके बाद रिश्तेदारों और डॉक्टर ने सलाह दी कि कुछ दिनों के लिए तुम अपने घर से दूर रहो। सलाह मानते हुए युवक मौसी के घर शहर स्थित राधानगर में रहने के लिए चला गया, जहां शुक्रवार की रात लगभग १२ बजे उसे घर में ही सांप ने फिर डस लिया।
इसके बाद विकास मलवा थाना क्षेत्र के सौरा गांव में ही ६ जुलाई को अपने चाचा संतोष दुबे के घर के अंदर दोपहर को सो रहा था, जहां सांप ने छठी बार काट लिया। सर्पदंश से उसकी हालत खराब हो गई और परिजनों ने आनन-फानन अस्पताल में भर्ती कराया। युवक का यह भी कहना है कि उसे जब भी सांप ने काटा है तो शनिवार व रविवार का दिन था और सांप काटने से पहले ही उसे इस चीज का प्रत्येक बार आभास हो जाता है।

अन्य समाचार