यूपी के आगरा जिले के रकाबगंज थाने की महिला इंस्पेक्टर के सरकारी आवास पर बवाल हो गया। एक महिला मेरठ से घरवालों के साथ आई। अपने इंस्पेक्टर पति को इंस्पेक्टर रकाबगंज के सरकारी आवास पर दबोच लिया। इंस्पेक्टर को उसका साला बनियान पकड़कर बाहर घसीट लाया। उनके साथ तबियत से मारपीट की। पुलिसकर्मी उन्हें बचाने के बजाय वीडियो बनाते रहे। पुलिस आयुक्त जे रविंदर गौड ने बताया कि रकाबगंज थाने की महिला इंस्पेक्टर को सस्पेंड कर दिया गया है। वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। मिली जानकारी के अनुसार, रकाबगंज थाने की प्रभारी निरीक्षक महिला थाने के पीछे सरकारी आवास में रहती हैं। कुछ लोग उनके आवास पर पहुंचे। दरवाजा पीटने लगे। दरवाजे पर लातें मारीं। दरवाजा खुला तो घर में घुस गए। अंदर से महिला इंस्पेक्टर और एक युवक को घसीटकर बाहर लाए। वह युवक भी इंस्पेक्टर था। उसके साथ मारपीट की जाने लगी। एक महिला ने महिला इंस्पेक्टर का हाथ पकड़ लिया। दूसरी महिला ने गाल पर चांटे मारे। आवास पर मजमा जुट गया। बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी वहां आ गए। सभी तमाशा देखते रहे। किसी ने महिला इंस्पेक्टर को बचाने का प्रयास नहीं किया। हद तो तब हो गई जब एक पुरुष ने भी उनके साथ मारपीट की। महिलाएं उन्हें गालियां दे रही थीं।