सामना संवाददाता / मुंबई
कांग्रेस नेताओं की नहीं, बल्कि कार्यकर्ताओं की पार्टी है। इसीलिए नांदेड की सीट कांग्रेस को मिली। नेता आते-जाते हैं, लेकिन नांदेड में कांग्रेस को कोई समाप्त नहीं कर सकता। कांग्रेस की जड़ें नांदेड जिले में गहराई से जमी हुई हैं। जो डर गया सो भाग गया, लेकिन याद रखें हम घबराने वाले नहीं हैं। इस तरह का विश्वास जताते हुए विधानसभा में विरोधी पक्षनेता विजय वडेट्टीवार ने शाब्दिक तोप चलाई।
वडेट्टीवार ने आगे कहा कि कांग्रेस एक प्राकृतिक पार्टी है, जबकि भाजपा कृत्रिम है। चोर, डाकू, लुटेरे सभी अब भाजपा में शामिल हो गए हैं। कुछ लोग सीबीआई, ईडी से डरकर चले गए हैं, वहां अब चोरों का बाजार हो गया है। उन्होंने भाजपा पर हमला बोलते हुए कहा कि भाजपा किसानों और महाराष्ट्र की अस्मिता के साथ खिलवाड़ कर रही हैं। विजय वडेट्टीवार ने कहा कि मराठवाड़ा में कांग्रेस ने तीन सीटों पर चुनाव लड़ा और तीनों सीटें जीतीं। मराठवाड़ा ने शत-प्रतिशत परिणाम दिया है। इसलिए आप संकल्प करें और हाथ उठाकर कहें कि विधानसभा में आघाड़ी का झंडा फहराए बिना नहीं रुकेंगे। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे कांग्रेस के लिए एकजुट हों और विधानसभा में कांग्रेस का झंडा फहराने के लिए काम करें। वडेट्टीवार ने कहा कि कांग्रेस मराठवाड़ा में अपनी ताकत बढ़ाने के लिए काम करेगी।
उन्होंने कहा कि जब इतिहास लिखा जाएगा तब वसंतदादा चव्हाण के नाम से शुरुआत होगी। उन्होंने कांग्रेस को छोड़कर जाने वाले अशोक चव्हाण पर तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस के बिना वे कुछ नहीं है।
महाराष्ट्र की गद्दी पर बैठे लोगों को नहीं आ रही शर्म
विजय वडेट्टीवार ने कहा कि सोयाबीन उत्पादक किसान बर्बाद हो गए हैं। कपास के नहीं मिल रहे हैं। कर्ज से दबे किसानों को कर्ज माफी नहीं मिल रही है। लेकिन महाराष्ट्र की गद्दी पर बैठे लोगों को शर्म नहीं आ रही है। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र की अस्मिता गुजरात के पास गिरवी रख दी गई है। महायुति के कामकाज से राज्य बर्बाद हो गया है।