मुंबई। नई मुंबई में बना अटल सेतु (ट्रांस हार्बर लिंक ब्रिज) सुसाइड पॉइंट बनता जा रहा है। एक नए मामले के तहत एक ५७ साल की महिला कैब बुक कर अटल सेतु पहुंची। वहां पहुंचकर महिला ने कैब रुकवाई और ब्रिज से कूदने का प्रयास करने लगी। यह देख कैब ड्राइवर ने फुर्ती दिखाते हुए उसके बाल पकड़ लिए और उसे बचा लिया। इसके बाद मौके पर न्हावा शेवा इकाई के ट्रैफिक का स्टाफ भी पहुंच गया। यह पूरी घटना अटल सेतु पर लगे सीसीटीवी में कैद हो गई है। पुलिस के अनुसार, घटना शाम करीब ७ बजे की है। रिपोर्ट के अनुसार, मुलुंड की रहने वाली महिला ने कैब ड्राइवर संजय यादव से धार्मिक तस्वीरों को समुद्र में विसर्जित करने के बहाने पुल पर कैब रोकने के लिए कहा था। पुलिस ने कहा कि उन्हें कार के रुकने और महिला के रेलिंग पार करने के बारे में कॉल आया था। महिला की पहचान मुलुंड निवासी रीमा पटेल के रूप में हुई है, जिन्होंने मुलुंड से एक कैब किराए पर ली थी। न्हावा शेवा ट्रैफिक यूनिट के पुलिस निरीक्षक गुलफरोज मुजावर के अनुसार, उनकी गश्ती वैन उसी सड़क पर थी जब उन्होंने पुल पर खड़ी हुई कार देखी। शेलार टोल नाका के सतर्क कर्मचारियों ने भी इस घटना की सूचना दी, जिन्होंने कार को पुल पर रुके हुए और महिला को रेलिंग पर देखा था। न्हावा शेवा पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ निरीक्षक अंजुम बागवान ने कहा कि उसके परिवार ने दावा किया है कि महिला मानसिक रूप से परेशान है।