महंगाई के मुद्दे पर महिला कांग्रेस, मोदी सरकार से मांगेगी जवाब
सामना संवाददाता / मुंबई
महिला कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष संध्या सव्वालाखे ने कहा कि प्रदेश में महिलाओं पर अत्याचार बढ़े हैं। मुंबई की लोकल में एक लड़की के साथ अत्याचार करने का प्रयास किया गया। चर्चगेट के पास एक महिला छात्रावास में एक लड़की का यौन उत्पीड़न कर उसकी हत्या कर दी गई। मुंबई में एक हत्यारे ने एक महिला के टुकड़े-टुकड़े करने की बेहद घिनौनी वारदात को अंजाम दिया। राज्य के अन्य हिस्सों में भी महिलाओं के खिलाफ हिंसक घटनाएं लगातार बढ़ी हैं। शिंदे-फडणवीस सरकार महिलाओं पर अत्याचार रोकने में पूरी तरह से विफल रही है। महिला कांग्रेस लगातार केंद्र और राज्य की भाजपा सरकार के खिलाफ आवाज उठाती रही है और महिलाओं के मुद्दों सहित जनता के ज्वलंत मुद्दों पर आवाज उठाती रहेगी।
महाराष्ट्र प्रदेश महिला कांग्रेस कमेटी की कार्यकारिणी की बैठक सोमवार को तिलक भवन में संपन्न हुई। इस बैठक का मार्गदर्शन प्रदेश अध्यक्ष नाना पटोले ने किया। इस मौके पर कांग्रेस की राष्ट्रीय महिला अध्यक्ष नेट्टा डिसूजा, महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष संध्या सव्वालाखे सहित प्रदेश भर से महिला पदाधिकारी मौजूद रहीं। इस अवसर पर महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष नेट्टा डिसूजा ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी ने स्थानीय निकायों में महिलाओं को ५० प्रतिशत आरक्षण दिया। उनकी अगुवाई में राजनीति में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने का ऐतिहासिक काम किया गया। आज हमारी ५० प्रतिशत हिस्सेदारी के साथ ५० प्रतिशत जिम्मेदारी है। आपको जो जिम्मेदारी दी गई है, उसे ठीक से निभाएं। कर्नाटक में महिलाओं ने घर-घर जाकर प्रचार किया और कांग्रेस की जीत में अहम योगदान दिया। नेट्टा डिसूजा ने यह भी कहा कि २०२४ के चुनाव नजदीक हैं। ऐसे में सभी महिला कार्यकर्ता कड़ी मेहनत करें और कांग्रेस को सत्ता में लाने का प्रयास करें।
‘बीआरएस’ भाजपा की ‘बी’ टीम!
तेलंगाना में ‘भारत राष्ट्र समिति’ (बीआरएस) भाजपा की ‘बी’ टीम है और इसका महाराष्ट्र की राजनीति पर कोई असर नहीं पड़ेगा। तेलंगाना पैटर्न भी गुजरात पैटर्न की तरह लोगों को फंसाने की एक चाल है। ऐसा महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष नाना पटोले ने कहा। कल तिलक भवन में पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि केसीआर की पार्टी ने तेलंगाना में क्या किया है, इसकी सारी जानकारी कांग्रेस के पास है। हम जल्द की तेलंगाना पैटर्न की पोल खोल करेंगे। तेलंगाना में ‘बीआरएस’ पार्टी के कई नेता कांग्रेस पार्टी में शामिल हो रहे हैं। नाना पटोले ने कहा कि तेलंगाना से ‘भारत राष्ट्र समिति’ महाराष्ट्र की राजनीति में घुसने की कोशिश कर रही है, लेकिन इससे कोई फायदा नहीं होगा। वारकरी और जनता को उम्मीद है कि महाराष्ट्र में आघाड़ी की सरकार आएगी। उन्होंने आगे कहा कि केसीआर ने ९ साल में तेलंगाना में कोई काम नहीं किया है। उन्होंने दलितों, आदिवासियों, अल्पसंख्यकों, पिछड़े वर्गों के लिए कोई भी ठोस फैसले नहीं लिए हैं। केसीआर सरकार सिर्फ बड़ी-बड़ी घोषणाएं कर काम करने का ढिंढोरा पीट रही है। उन्होंने कहा कि पंढरपुर में आषाढ़ी यात्रा (वारी) हो रही है। ऐसी रिपोर्ट है कि केसीआर हैदराबाद से ६०० कारों का काफिला लेकर वहां पहुंचे हैं। पंढरपुर में आषाढ़ी वारी पर १० लाख वारकरी जुटते हैं। ऐसे में क्या यह सही है कि केसीआर बाहर से और लोगों को लाकर वहां भीड़ जुटा रहे हैं? पंढरपुर का विठोबा आस्था और श्रद्धा का विषय है। कोई इसका राजनीतिक लाभ उठाने की कोशिश करे तो यह ठीक नहीं है।
कहां गए करोड़ों रुपए?
राज्य में शिंदे-फडणवीस सरकार घोषणा और प्रचारवाली सरकार है। पहली ही बारिश ने इस सरकार के दावों की पोल खोल दी है। मुंबई में कई जगहों पर पानी जमा होने से मुंबईकरों को काफी परेशानी हुई। ६ मुंबईकरों को अपनी जान गंवानी पड़ी। मुंबई में जगह-जगह गड्ढे खोदे गए हैं। सरकार की तरफ से दावा किया गया कि नालों की सफाई समेत अन्य कार्यों पर करोड़ों रुपए खर्च किए गए। इसके बावजूद, मुंबई पानी में डूब गई। बड़ा सवाल यह है कि आखिर ये पैसे कहां गए?