सामना संवाददाता / मुंबई
राज्य के गृहमंत्री और नागपुर के पालक मंत्री देवेंद्र फडणवीस के नागपुर शहर में अपराध की घटनाओं में भारी वृद्धि दर्ज की गई है। नागपुर के साथ ही राज्य भर में कानून-व्यवस्था बिगड़ती दिखाई दे रही है। सूचना के अधिकार (आरटीआई) के तहत प्राप्त आंकड़ों के अनुसार, १ जनवरी से ३१ अगस्त २०२३ के बीच गृहमंत्री के गृह क्षेत्र नागपुर में कुल ६,८३९ अपराध दर्ज किए गए हैं।
आरटीआई के तहत अजय बोस द्वारा निकाली गई जानकारी के अनुसार, कुल अपराधों में महिलाओं के साथ छेड़छाड़ और बलात्कार जैसे गंभीर अपराधों की संख्या अधिक है। महिलाओं की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं, क्योंकि इस अवधि में महिलाओं पर अत्याचार की घटनाओं में भारी इजाफा हुआ है। इस कारण नागपुर के नागरिकों में भय का माहौल व्याप्त है। इसके साथ ही बच्चों पर अत्याचार के १७२ मामले भी दर्ज किए गए हैं। पहले ‘सुंदर नागपुर-सुरक्षित नागपुर’ की पहचान रखनेवाला शहर अब ‘भयभीत नागपुर’ के रूप में पहचाना जाने लगा है। नागपुर में बढ़ते अपराधों को रोकने और शहर की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन से त्वरित कदम उठाने की मांग हो रही है।