मुख्यपृष्ठनए समाचारयोगीराज में भ्रष्ट और घूसखोरों की भेंट चढ़ी पेंशन... ऑक्सीजन सिलिंडर के...

योगीराज में भ्रष्ट और घूसखोरों की भेंट चढ़ी पेंशन… ऑक्सीजन सिलिंडर के साथ पोते की गोद में पहुंची महिला!.. ५ साल से विभाग का चक्कर काटने के बाद एसडीएम से की शिकायत

यूपी में भ्रष्टाचार और घूसखोरी का आलम यह है कि रिटायर्ड कर्मचारियों को पेंशन तक नहीं मिल पा रही है। गोरखपुर में मानवता को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक बुजुर्ग महिला की पेंशन भ्रष्ट और घूसखोर अधिकारियों की भेंट चढ़ गई। दरअसल, ५ साल पहले विद्युत विभाग के श्रमिक पद से रिटायर्ड एक महिला कर्मचारी की पेंशन सिर्फ इसलिए नहीं बनी, क्योंकि उन्होंने घूस मांगने वाले कर्मचारी को रिश्वत नहीं दी। अपनी पेंशन पाने के लिए वे बीते ५ साल से विभाग के चक्कर लगा रही हैं।
रिटायर्ड महिला कर्मचारी की तबीयत सालभर से खराब है। इलाज के लिए जब उन्हें पैसों की जरूरत पड़ी तो वे ऑक्सीजन सिलिंडर के साथ पोते की गोद में तहसील समाधान दिवस में पहुंच गर्इं। यह देखकर अधिकारियों के भी होश फाख्ता हो गए। मुख्यमंत्री के गृह क्षेत्र में इस तरह की घटना चौंकाने वाली थी। मिली जानकारी के अनुसार, गोरखपुर तहसील सदर के तहसील समाधान दिवस में शनिवार (२१ दिसंबर) को एक बुजुर्ग महिला ने एसडीएम सदर मृणाली अविनाश जोशी को बताया कि वह विद्युत विभाग विद्युत वितरण खंड प्रथम मोहद्दीपुर गोरखपुर से ५ साल पहले श्रमिक पद से रिटायर हो चुकी हैं। रिटायर होने के बाद से ही वह विभाग के चक्कर काट रही हैं। पेंशन की औपचारिकताओं को पूरा करने के लिए विभाग के कर्मचारियों द्वारा रिश्वत की मांग की जा रही है। यही वजह है कि पिछले ५ सालों से उन्हें पेंशन नहीं मिल पा रही है।
पीड़ित रिटायर्ड कर्मचारी ने बताया कि १ साल से वह बीमार है और बिस्तर पर है। उन्हें ऑक्सीजन भी लगाया गया है। पेंशन नहीं मिलने की वजह से उनका जीवन यापन और इलाज भी ठीक से नहीं हो पा रहा है। सुमिरती देवी के पोते अनिल यादव ने बताया कि दादी की हालत बहुत खराब है, जो ऑक्सीजन सिलिंडर पर चल रही हैं। उनका जीवन-यापन करना बहुत कठिन हो गया है। विभाग में जाने के बाद कर्मचारी सुनते नहीं हैं। वे रिश्वत मांगते हैं। खैर, इस दौरान पोते अनिल यादव ने एसडीएम को एप्लीकेशन दिया, जिसके बाद एसडीएम सदर मृणाली अविनाश जोशी ने तत्काल अधिकारियों से बात करके पेंशन बनाने के निर्देश दिए।

अन्य समाचार