सामना संवाददाता / मुंबई
युवासेना की सचिव एड. दुर्गा भोसले-शिंदे का बुधवार रात को केवल ३० वर्ष की उम्र में दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। अपने पीछे वे पति, माता और पिता केशवराव भोसले को छोड़ गई हैं। शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) पक्षप्रमुख उद्धव ठाकरे, श्रीमती रश्मि ठाकरे और शिवसेना नेता व युवासेनाप्रमुख आदित्य ठाकरे ने दुर्गा भोसले के पार्थिव शरीर का अंतिम दर्शन कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
युवासेना कोर कमिटी में शामिल दुर्गा भोसले एक कट्टर और डैशिंग कार्यकर्ता थीं। शिवसेना और युवासेना के सभी आंदोलनों में वे शामिल होती रही हैं। बुधवार को महाविकास आघाड़ी की ओर से ठाणे में आक्रोश मोर्चा निकाला गया था। इस मोर्चा में भी दुर्गा भोसले शामिल हुई थीं। शाम को तबीयत खराब होने के कारण उन्हें मुंबई के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान रात ११ बजे उन्होंने अंतिम सांस ली।
पेडर रोड के जसलोक हॉस्पिटल के सामने स्थित धीरज अपार्टमेंट से कल शाम ५ बजे दुर्गा भोसले की अंतिम यात्रा निकाली गई। भारी संख्या में शिवसेना और युवासेना के कार्यकर्ता इस अंतिम यात्रा में शामिल हुए। वालकेश्वर स्थित बाणगंगा श्मशान भूमि में दुर्गा के पार्थिव शरीर का अंतिम संस्कार किया गया। दुर्गा के निधन से युवासेना पदाधिकारी और कार्यकर्ता सहित सभी को गहरा सदमा लगा है।
काफी मेहनती और दयालु युवा सैनिक खोया है
दुर्गा भोसले युवासेनाप्रमुख आदित्य ठाकरे की विश्वसनीय सहयोगी थीं। उनके देहांत की खबर सुनते ही आदित्य ठाकरे ने शोक प्रकट किया है। ‘दुर्गा के देहांत की खबर से मन सुन्न हो गया है। एक खूब मेहनती और दयालु युवासैनिक को हमने खो दिया। युवासेना परिवार को पहुंचे शोक को व्यक्त करने के लिए मेरे पास शब्द नहीं हैं। ओम शांति’, ऐसी भावना आदित्य ठाकरे ने ट्वीट के माध्यम से व्यक्त की।