आईपीएल २०२६ में राजस्थान रॉयल्स के युवा तूफानी बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने एक और ऐतिहासिक उपलब्धि अपने नाम कर ली है। गुजरात टाइटंस के खिलाफ क्वालिफायर-२ में वैभव ने पावरप्ले में अपने सीजन के ५०० रन पूरे किए। इसके साथ ही वे आईपीएल के इतिहास में एक सीजन में पावरप्ले के अंदर ५०० रन बनाने वाले पहले बल्लेबाज बन गए। राजस्थान रॉयल्स के अनुसार, वैभव को इस मुकाम तक पहुंचने के लिए इस मैच में सिर्फ १० रन की जरूरत थी।
महज १५ साल की उम्र में वैभव सूर्यवंशी ने इस सीजन में अपनी आक्रामक बल्लेबाजी से क्रिकेट जगत को चौंका दिया है। उन्होंने एलिमिनेटर मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ २९ गेंदों पर ९७ रनों की विस्फोटक पारी खेली थी। इसी पारी के दौरान उन्होंने एक आईपीएल सीजन में सबसे ज्यादा छक्कों का रिकॉर्ड भी अपने नाम किया। रिपोर्ट्स के मुताबिक, वैभव ने ७२ छक्कों के साथ क्रिस गेल के ५९ छक्कों के पुराने रिकॉर्ड को पीछे छोड़ा।
गुजरात टाइटंस के खिलाफ क्वालिफायर-२ में भी वैभव ने ९६ रनों की शानदार पारी खेली, लेकिन राजस्थान की टीम २१४ रन बनाने के बावजूद मैच नहीं बचा सकी। गुजरात ने शुभमन गिल के शतक और सार्इं सुदर्शन की तेज पारी की मदद से १८.४ ओवर में लक्ष्य हासिल कर फाइनल में जगह बना ली।
