मनोज श्रीवास्तव / लखनऊ
हापुड़ के हाफिजपुर थाना क्षेत्र में हाईवे-334 पर एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर पर चढ़ गई। इस हादसे में तीन महिलाओं की जान चली गई और दो अन्य घायल हो गए। घटना गांव मुर्शदपुर के पास यादव ढाबे के सामने हुई। कार ने डिवाइडर पर खड़ी बस का इंतजार कर रही कुछ महिलाओं को चपेट में ले लिया। हादसे में बृजनाथपुर निवासी सितारा (52 वर्ष) और सरोज शर्मा (60 वर्ष) की मौके पर ही मौत हो गई। गांव की ही शारदा पत्नी लेखराम ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। रूबी पत्नी पवन और उसका छह वर्ष का पुत्र लविश भी गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने मृतकों के परिजनों को घटना की जानकारी दी है।
दूसरी घटना फिरोजाबाद के एका थाना क्षेत्र के शीशियां पुल के पास की है, जहां बृहस्पतिवार की सुबह दो बाइकों के आमने-सामने हुई भीषण भिड़ंत से तीन लोगों की जान चली गयी। भिड़ंत इतनी तेज थी कि दोनों बाइकों के परखच्चे उड़ गए और दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हैं। गांव उजीरपुर निवासी अरविंद कुमार (45) अपनी पत्नी शशि देवी (43) के साथ दिल्ली में एक एक्सपोर्ट कंपनी में सिलाई का काम करते थे। उनके पिता ने बताया कि गांव में गेहूं की कटाई-मड़ाई का काम चल रहा था, जिसके लिए उन्होंने दोनों बेटों को घर बुलाया था। अरविंद अपनी पत्नी के साथ बाइक से गांव लौट रहे थे, तभी घर पहुंचने से पहले सुबह करीब 10:45 बजे नगला खेड़ा के पास सामने से आती तेज रफ्तार बाइक से उसकी बाइक की भिड़ंत हो गई। हादसे में बहू शशि की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अरविंद ने आगरा ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया। इसी हादसे में दूसरी बाइक पर सवार 19 वर्षीय छात्र संदीप की मौत हो गयी।इस संदर्भ में एका की थाना प्रभारी संजुल पांडेय ने बताया कि तेज रफ्तार और मोड़ पर संतुलन बिगड़ने के कारण यह हादसा हुआ है। दो बाइकों की भिड़ंत में दंपती और एक छात्र की मृत्यु हुई है। शवों का पोस्टमार्टम कराया गया है और मामले की विधिक जांच की जा रही है।
