सामना संवाददाता / मुंबई
प्रदेश की आबोहवा में अमूल-चूल परिवर्तन हुआ है। दिसंबर माह में मई माह जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई है। मुंबई का तापमान काफी बढ़ गया है। प्रदेश से ठंड गायब हो गई है। तापमान में इस बढ़ोतरी के साथ ही राज्य पर बेमौसम बारिश का संकट भी मंडरा रहा है। कुछ जिलों में बादल छाए हुए हैं और तूफानी हवाओं के साथ बारिश हो रही है। अगले कुछ दिनों तक राज्य में बारिश का अनुमान है। मौसम विभाग ने पश्चिमी विक्षोभ के कारण ८ दिसंबर से पहाड़ी और मैदानी इलाकों में बारिश की आशंका जताई है। मौसम विभाग के अनुसार, रत्नागिरी, रायगढ़, सिंधुदुर्ग, पुणे, कोल्हापुर, सतारा, सांगली, सोलापुर, लातूर, धारशिव में कुछ अलग-अलग स्थानों पर हल्की बारिश हुई है। इसके अलावा अगले कुछ दिनों तक महाराष्ट्र में बेमौसम बारिश का संकट बना रहेगा। ऐसे में कड़ाके की ठंड से निजात पाने के लिए अभी और इंतजार करना होगा। बता दें कि पिछले १६ सालों में दिसंबर में सबसे ज्यादा तापमान मुंबई में दर्ज किया गया है। तापमान ३७ डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है।