मुख्यपृष्ठनए समाचारनई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर भगदड़ में कल रात बिहार के दस...

नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर भगदड़ में कल रात बिहार के दस लोगों ने गंवाई जान…मरने वालों में छह महिलाएं और तीन बच्चे हैं शामिल

अनिल मिश्र / पटना

नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की भारी भीड़ उमड़ने से कल शनिवार की रात दर्दनाक हादसा हो गया था, जिसमें 18 यात्रियों की मौत हो गई, जबकि 20 से अधिक घायल हो गए हैं। मरने वाले 18 में से 10 लोग बिहार से ही हैं। इनमें समस्तीपुर तीन, नवादा के दो, पटना, वैशाली, बक्सर और सारण के एक-एक लोग शामिल हैं। वहीं एक महिला भी बिहार की मूल निवासी हैं, लेकिन  वह दिल्ली में ही रहती थीं। भगदड़ में मरने वालों में छह महिलाएं, तीन बच्चे और एक पुरुष शामिल हैं। समस्तीपुर जिले के ताजपुर थाना क्षेत्र के कोठिया गांव के रहने वाले एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई। मृतक में गांव के विजय शाह उनकी पत्नी कृष्णा देवी और उनकी नातिन सुरुचि कुमारी 15 शामिल है। हादसे के बाद परिवार के लोगों में कोहराम मच गया।
मृतक के दामाद मनोज शाह का कहना है कि उनका बड़ा साला मुकेश कुमार छोटा साला नीतीश कुमार जो दिल्ली में रहता है, वहीं निजी कंपनी में काम करता है। मुकेश ने पिता को पहले दिल्ली बुलाया था। सभी एक साथ प्रयाग कुंभ स्नान करने के लिए जाते।बेटे के बुलावे पर विजय साह अपनी पत्नी और दूसरे दामाद मनोज शाह बरियारपुर मुजफ्फरपुर के रहने वाले की पुत्री सुरुचि कुमारी को साथ लेकर शुक्रवार को समस्तीपुर से बाय रोड दिल्ली के लिए निकले थे। शनिवार सुबह ही सभी लोग दिल्ली पहुंचे थे और शाम में सभी को कुंभ स्नान के लिए प्रयाग जाने के दिल्ली स्टेशन पहुंचे थे, जहां भगदड़ मची।मरने वालों में आहा देवी पत्नी रविन्दी नाथ, निवासी बक्सर बिहार, उम्र 79 वर्ष, पूनम देवी पत्नी मेघनाथ, निवासी सारण बिहार, उम्र 40 वर्ष, ललिता देवी पत्नी संतोष, निवासी पटना बिहार, उम्र 35 वर्ष, सुरुचि पुत्री मनोज शाह, निवासी समस्तीपुर बिहार, उम्र 11 वर्ष, कृष्णा देवी पत्नी विजय शाह, निवासी समस्तीपुर बिहार, उम्र 40 वर्ष, विजय साह पुत्र राम सरूप साह, निवासी समस्तीपुर बिहार, उम्र 15 वर्ष, नीरज पुत्र इंद्रजीत पासवान, निवासी वैशाली बिहार, उम्र 12 साल, शांति देवी पत्नी राज कुमार मांझी, निवासी नवादा बिहार, उम्र 40 वर्ष, पूजा कुमार पुत्री राज कुमार मांझी, निवासी नवादा बिहार, उम्र 8 वर्ष, ममता झा पत्नी विपिन झा, निवासी नांगलोई दिल्ली, उम्र 40 वर्ष शामिल हैं। इधर बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर हुई दुर्भाग्यपूर्ण घटना में लोगों की मृत्यु अत्यंत दुःखद है। मृतकों के परिजनों को दुःख की इस घड़ी में धैर्य धारण करने की शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना है। इस घटना में बिहार के रहने वाले मृतकों के आश्रितों को दो लाख रुपए अनुग्रह अनुदान एवं घायलों को पचास हजार रुपये मुख्यमंत्री राहत कोष से देने का निर्देश दिया है।

अन्य समाचार