सोशल मीडिया पर आए दिन कुछ न कुछ वायरल होता ही रहता है। ये घटनाएं कभी लोगों को खूब हंसाती है तो कभी हैरत में डाल देती हैं। ऐसी ही एक घटना चीन में हुई। यहां पर एक १८ साल का लड़का उत्तर-पश्चिमी चीन के बर्फीले पहाड़ पर बिना भोजन के १० दिनों तक फंसा रहा। १० दिन बाद जाकर बचाव और राहत दल वहां तक पहुंचा और फिर उसकी जान बचाई जा सकी। इन दस दिनों के दौरान उसका शरीर काफी कमजोर हो गया था। क्योंकि खाने की कमी थी और वहां पर पीने के लिए केवल नदी का पानी था, अपनी भूख को मिटाने के लिए उसने टूथपेस्ट तक खाया।
१८ साल का सन लियांग ८ फरवरी को शानक्सी राज्य के सबसे खतरनाक क्विनलिंग पर्वत पर अकेले चढ़ाई करना शुरू कर दिया। दो दिनों के बाद ही उसका अपने परिवार से संपर्क टूट गया। रास्ता भटकते हुए लियांग ने नदी के किनारे चलना जारी रखा, लेकिन तब भी उसकी यह कोशिश ज्यादा काम नहीं आई क्योंकि एक जगह गिरने से उसका दाहिना हाथ टूट गया। इससे उसने वहीं पर एक जगह पर पत्तों की मदद से एक अस्थाई बिस्तर बनाया और कड़कड़ाती ठंड से जूझता हुआ मदद का इंतजार करने लगा। इधर परिवार की जब उससे बात नहीं हो पाई तो परिजनों ने उसकी खोज करने के लिए स्थानीय बचाव दलों को जानकारी दी। हफ्ते भर की मेहनत के बाद आखिरकार १७ फरवरी को बचाव दल ने नाटकीय ढंग से उसे ढूंढ़ लिया। बचाव दल के मुताबिक, यह लड़का एक खतरनाक पहाड़ी के ऊपर चढ़ाई कर रहा था।