मुख्यपृष्ठनए समाचारमुंबई का पारा हाई, पेड़ों के गिरने का खतरा! ...लेट-लतीफ मनपा प्रशासन...

मुंबई का पारा हाई, पेड़ों के गिरने का खतरा! …लेट-लतीफ मनपा प्रशासन ने शुरू किया पेड़ों का सर्वे

सामना संवाददाता / मुंबई
शहर में बीते फरवरी महीने में ही पारा हाई रहा। पिछले सप्ताह में तापमान ३६ डिग्री से लेकर ३९ डिग्री तक दर्ज किया गया। सामान्य से अधिक तापमान को देखते हुए मनपा ने सोमवार से पेड़ों का आपातकालीन सर्वे करना शुरू कर दिया है। इस सर्वे में मनपा उन पेड़ों की पहचान करेगी, जिसकी जड़ें कमजोर हो गई हैं या सिकुड़ने लगी हैं।
मनपा से मिली जानकारी के मुताबिक, तापमान में वृद्धि होने से पेड़ों की जड़ों में नमी कम हो जाती है, जिससे कई पेड़ सिकुड़ने लगते हैं और जमीन पर अपनी मजबूत पकड़ खो देते हैं, जिससे पेड़ गिरने का खतरा बढ़ जाता है। मनपा के एक अधिकारी ने बताया कि शहर में सोमवार से लगभग ५०० से लेकर १ हजार पेड़ों का सर्वेक्षण किया जाएगा और यह कार्य आने वाले एक सप्ताह के भीतर पूरा कर लिया जाएगा। मौजूदा समय में चल रहे सड़क के सीमेंटीकरण कार्यों की वजह से शहर की लगभग सभी सड़कें खुदी हुई हैं। इन गतिविधियों से मिट्टी के कण ढीले हो जाते हैं, जिससे पेड़ खुद को जमीन में मजबूती से पकड़ नहीं पाते। वहीं अचानक बढ़ते तापमान से पेड़ों की जड़ें सिकुड़ रही हैं, जिससे मुंबई में पेड़ों के गिरने की संभावना बढ़ रही है।
वहीं मनपा के अन्य अधिकारी ने बताया कि बड़े छायादार पेड़ों की जड़ों के फैलने की आवश्यकता होती है, लेकिन सड़कों और फुटपाथों के निर्माण से उनकी जड़ों को अक्सर दो फीट के भीतर सीमित कर दिया जाता है, जिससे पेड़ों के गिरने की संभावना बढ़ जाती है।

अन्य समाचार