कर्नाटक के पूर्व पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) ओम प्रकाश की हत्या के मामले की जांच पुलिस ने शुरू कर दी है। पुलिस ने ओम प्रकाश की पत्नी को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो चौंकाने वाली बात सामने आई। पूर्व डीजीपी की पत्नी पल्लवी ने अपने पति की हत्या का अपराध कुबूल कर लिया है। उसने बताया कि कैसे लाल मिर्च का पाउडर आंखों में झोंकने के बाद उसने पति को मारा। इतना ही नहीं हत्या के बाद उसने अपनी एक फ्राॅड को वीडियो कॉल भी किया था।
कर्नाटक पुलिस ने इस मामले की मुख्य संदिग्ध पल्लवी और उसकी बेटी कृति को हिरासत में लिया है। बिहार के रहने वाले १९८१ बैच के भारतीय पुलिस सेवा अधिकारी ओम प्रकाश रविवार को रहस्यमय परिस्थितियों में बंगलुरु स्थित अपने आवास में मृत पाए गए। उनका शव एचएसआर लेआउट स्थित उनके तीन मंजिला आवास के भूतल पर खून से लथपथ मिला।
पूछताछ में सामने आया है कि पल्लवी के साथ ओम प्रकाश की तीखी बहस हुई थी। गुस्से में पल्लवी ने डिब्बे भर लाल मिर्च का पाउडर ओम प्रकाश की आंखों में फेंक दिया। जब वह जलन के कारण इधर-उधर भागने लगे, तभी पल्लवी ने उन पर कई बार चाकू घोंपा, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद पल्लवी ने अपने दोस्त को ‘वीडियो कॉल’ किया और कहा कि मैंने राक्षस को मार दिया है।
सूत्रों के अनुसार, दंपति के बीच अक्सर झगड़ा होता रहता था। यह भी बताया जा रहा है कि इस अपराध के पीछे की एक वजह कर्नाटक के दांदेली में स्थित एक जमीन को लेकर विवाद भी था। पल्लवी ने कुछ महीने पहले एचएसआर लेआउट पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई थी।
सिजोफ्रेनिया’ से है पीड़ित
सूत्रों ने दावा किया कि जब वहां के पुलिसकर्मियों ने उसकी बात नहीं मानी तो उसने पुलिस थाने के सामने धरना दिया था। जांच में यह भी पता चला है कि पल्लवी को `सिजोफ्रेनिया’ (एक मानसिक विकार) नामक बीमारी थी और वह उसकी दवा भी ले रही थी। प्रकाश बिहार के चंपारण के मूल निवासी थे। उन्हें एक मार्च २०१५ को कर्नाटक का पुलिस महानिदेशक नियुक्त किया गया था। वह मार्च २०१७ में अपनी सेवानिवृत्ति तक इसी पद पर रहे।