अमिताभ श्रीवास्तव
विजय माल्या और ट्रोलर लगता है एकदूजे के लिए बने हैं। मजा यह है कि सोशल मीडिया पर लोग हर वक्त उनको ट्रोलिंग करने को तैयार बैठे होते हैं। अब चाहे वो कुछ भी पोस्ट करें, ट्रोलर्स पीछे पड़ ही जाते हैं। ताजा मामला आरसीबी की जीत का है और इस बार ट्रोलर नहीं, बल्कि एसबीआई ने सीधे बात की है। लगता तो यही है, क्योंकि जिस पोस्ट पर माल्या ने टीम की ऐतिहासिक जीत पर बधाई दी, उसी पर एसबीआई की ऑफिशियल आईडी से कमेंट किया हुआ है। इस कमेंट को माल्या ने भी पढ़ा तो होगा? एक तरफ उनकी पोस्ट पर लोगों ने रिप्लाई में पुराना हिसाब-किताब खोल दिया और पोस्ट के कमेंट सेक्शन में ऐसा सुनाया कि अब ये पोस्ट ही वायरल हो गया। विजय माल्या ने `एक्स’ पर पोस्ट करते हुए पूरी टीम को जीत की शुभकामनाएं दीं। आरसीबी आखिरकार १८ साल बाद आईपीएल चैंपियन बनी है। २०२५ के टूर्नामेंट तक शानदार अभियान। बेहतरीन कोचिंग और सपोर्ट स्टाफ के साथ एक संतुलित टीम प्लेइंग बोल्ड। बहुत-बहुत बधाई! ई साला कप नामदे!! बस इस पोस्ट पर स्टेट बैंक ऑफ इंडिया ने लिखा सर, भारत आइए, हम साथ मिलकर जश्न मनाएंगे। अब इस साथ मिलकर जश्न मनाने का मतलब माल्या जान तो गए होंगे। यह एसबीआई का माल्या को जबरदस्त यार्कर है।
कोल्डप्ले स्टार का हॉट डिसीजन
जब वो मुंबई में आए थे, बाबुलनाथ मंदिर के दर्शन किए थे, हाथ में हाथ डाले इस जोड़े को देखकर कौन कह सकता था कि वो अलग हो जाएंगे। जी हां, कोल्डप्ले के क्रिस मार्टिन और उनकी अभिनेत्री पत्नी डकोटा जॉनसन आठ साल साथ रहने के बाद अलग हो गए हैं। उनके रिश्ते के बारे में अफवाहें महीनों से चल रही थीं और अब यह पुष्टि हो गई है कि ३५ वर्षीय डकोटा और ४८ वर्षीय क्रिस अलग हो गए हैं। पिछली जनवरी में ही तो वो मुंबई आए थे। साथ रहने के लिए प्रार्थना की थी, मगर दोनों के मन में इस साथ रहने की प्रार्थना में शायद वो भाव नहीं था, जो होना चाहिए। हालांकि, उन्होंने एक-दूसरे से दूर समय बिताने की सदियों पुरानी तरकीब भी आजमाई, ताकि दूरियां यादों में बदले और पास आने की तड़प उठे मगर नहीं, इसके बावजूद उनके दिलों में एक-दूसरे के लिए लगाव नहीं बढ़ा। बताया जाता है कि डकोटा इस बात से बहुत दुखी हैं कि वह अब अपने बच्चों के साथ ज्यादा समय नहीं बिता पाएगी, लेकिन वह चाहती हैं कि बच्चों को यह पता चले कि वो हमेशा उनके लिए मौजूद हैं। संगीतकार क्रिस इस समय विश्व दौरा कर रहे हैं। कोल्डप्ले उनका सबसे लोकप्रिय अल्बम है, जिसके कारण उन्हें प्रसिद्धि मिली। बताया जाता है कि दोनों के बीच उम्र का काफी अंतर था और इसी वजह से दोनों की सोच एक नहीं हो पा रही थी। एक ओर जहां क्रिस अपने काम को लेकर व्यस्त थे तो दूसरी ओर डकोटा चाहती थीं कि उन्हें साथ रहना चाहिए। वैसे इन दोनों के बीच तीसरे की भूमिका से भी प्रशंसक मुंह नहीं मोड़ते। जो अक्सर किसी जोड़े को तोड़ने में महत्वपूर्ण बन जाता है। यह तीसरा कौन है, फिलहाल इस बारे में कोई कुछ स्पष्ट नहीं बता रहा है।