मुख्यपृष्ठनए समाचारकदम-कदम पर खतरा... अंधेरी में अंधेरा!

कदम-कदम पर खतरा… अंधेरी में अंधेरा!

-सबवे पर लाइट की व्यवस्था नहीं होने से यात्रियों की बढ़ी मुश्किलें

सामना संवाददाता / मुंबई

मुंबई के अंधेरी इलाके में स्थित सबवे की खराब रोशनी और अव्यवस्थित हालत के चलते स्थानीय लोग परेशानी का सामना कर रहे हैं। सबवे में पर्याप्त रोशनी नहीं होने के कारण पैदल यात्रियों को मजबूरी में वाहनों वाले रास्ते से गुजरना पड़ता है, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ जाता है।
निवासियों का कहना है कि सबवे का पैदल पथ शाम ढलते ही अंधेरे में डूब जाता है। ऐसे में राहगीरों को मजबूरन व्यस्त ट्रैफिक के बीच से चलना पड़ता है, जो बेहद असुरक्षित है। मानसून के दौरान यह समस्या और गंभीर हो जाती है, जब रास्ते पर कीचड़ जम जाता है और फिसलन बढ़ जाती है।
स्थानीय महिलाओं ने बताया कि वे रात में सबवे का उपयोग करने से बचती हैं, क्योंकि वहां न केवल रोशनी की कमी है, बल्कि असामाजिक तत्वों की आवाजाही भी होती है। अंधेरे और असुरक्षा की वजह से महिलाएं और बुज़ुर्ग खुद को असहज महसूस करते हैं।
प्रशासन से मांग
स्थानीय प्रशासन से मांग की जा रही है कि वह सबवे की स्थिति को जल्द से जल्द सुधारें, ताकि लोगों को एक सुरक्षित और सुगम मार्ग मिल सके। फिलहाल, जवाबदेही की कमी और धीमी कार्रवाई के चलते नागरिकों की परेशानियां बनी हुई हैं।
कई सबवे का यही हाल
यह समस्या सिर्फ अंधेरी तक सीमित नहीं है। शहर के कई सबवे में भी रोशनी, जलजमाव और साफ-सफाई की कमी देखी गई है। नागरिकों का मानना है कि अगर पर्याप्त लाइटिंग और नियमित सफाई की व्यवस्था की जाए तो पैदल यात्रियों को राहत मिल सकती है और वे सुरक्षित रूप से इन रास्तों का उपयोग कर सकेंगे।

अन्य समाचार