उल्हासनगर मनपा प्रशासन कीं लापरवाही के कारण कल्याण-मुरबाड अंतरराष्ट्रीय महामार्ग नर्क बनता दिखाई दे रहा है। उक्त मार्ग पर शहाड रेलवे उडान पुल के पास तथा सेंच्युरी रेयान कामगार यूनियन के सामने दो प्रसाधन गृह कंपनी की दीवार की तरफ लगाए गए थे। विगत दिनों किए गए सर्वेक्षण में गंदगी का हवाला देकर हटा दिया गया। इसके पहले सफाई विभाग ने इन्हें इसलिए लगाये थे कि बिर्ला गेट पर लंबी दूरी से बस, मुरबाड से सैकड़ों काली-पीली टैक्सी से बड़ी संख्या में लोग आते-जाते हैं। घंटों प्रवास के बाद निश्चित स्थान पर उतरने के कारण लघुशंका की जरूरत होती थी। प्रसाधन गृह को हटाने से लोग आज एक महीने से उक्त प्राकृतिक आपदा से परेशान हो रहे हैं। आज स्थिति यह है कि बनाए गए बस स्टैंड के पीछे लोग लघुशंका कर परिसर को गंदा कर रहे हैं। मनपा के सफाई विभाग को चाहिए कि फिर से प्रसाधन गृह बनाकर लोगों को राहत के साथ ही गंदगी से निजात दिलाई जाए। बड़े ही आश्चर्य की बात है कि उल्हासनगर मनपा की आयुक्त को महाराष्ट्र सरकार ने अव्वल दर्जा दिया, परंतु आज प्रसाधन गृह हटाकर लोगों को परेशानी में डाल दिया गया है, जबकि मनपा ने लोगों को परेशानी में डाल दिया है।
-इंद्रजीत विश्वकर्मा, उल्हासनगर