सामना संवाददाता / मुंबई
लोकसभा चुनाव हो या विधानसभा चुनाव या फिर अन्य स्थानीय स्वराज्य संस्थाओं के चुनाव हों, महायुति सरकार द्वारा हर चुनाव में लोकलुभावन वादे किए जाते हैं। लोकसभा और विधानसभा चुनाव में उल्हासनगरवासियों को अवैध निर्माण को वैध करने, जमीन का मालिकाना हक देने, चार एफएसआई देने का वादा महायुति सरकार ने किया था। वह आश्वासन मात्र चुनावी वादा बनकर रह गया है। अब स्थानीय स्वराज्य संस्था का चुनाव होने वाला है तो महायुति सरकार ने उल्हासनगर, अंबरनाथ और बदलापुरवासियों को मेट्रो का झुनझुना देना शुरू कर दिया है। वैसे सरकार के वादों पर भरोसा नहीं है।
अब कहा जा रहा है कि नई मेट्रो सेवा का लाभ अंबरनाथ, उल्हासनगर और बदलापुर क्षेत्र के नागरिकों को मिलेगा। मेट्रो १४ परियोजना का विस्तार किया जाएगा और यह मेट्रो चिखलोली रेलवे स्टेशन से शुरू होकर कल्याण-बदलापुर राज्य राजमार्ग पर जीएनपी मॉल तक जाएगी। साथ ही मेट्रो ५ का विस्तार दुर्गाडी नाका से ठाणे-भिवंडी-कल्याण होते हुए बिरला कॉलेज से शहाड, उल्हासनगर, शांतिनगर, कल्याण बदलापुर रोड होते हुए जीएनपी मॉल तक किया जाएगा।
इससे इस क्षेत्र के निवासियों को सीधी और तेज मेट्रो सेवा मिलेगी और चिखलोली एक प्रमुख परिवहन केंद्र के रूप में विकसित होगा। इसके साथ ही चिखलोली रेलवे स्टेशन पर रेलवे और मेट्रो सेवाओं को एकीकृत किया जाएगा और यहां स्टेशन को आधुनिक और सर्वसुविधायुक्त तरीके से बनाया जाएगा। इस संदर्भ में एमएमआरडीए को विस्तृत विकास योजना तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं। ऐसा महायुति के नताओं की ओर से कहा जा रहा है।