मुख्यपृष्ठनए समाचारअब सुधाकर बनने चले हैं सुधारक!.. भाजपा की वॉशिंग मशीन में हुई...

अब सुधाकर बनने चले हैं सुधारक!.. भाजपा की वॉशिंग मशीन में हुई सफाई

सामना संवाददाता / मुंबई

मुंबई में १९९३ के बम धमाकों के आरोपी सलीम कुत्ता के साथ पार्टी करने का आरोप झेल चुके सुधाकर बडगुजर को अब भाजपा में शामिल किए जाने को लेकर सियासत गरमा गई है। भाजपा विधायक नीतेश राणे ने कभी विधानमंडल में इस मुद्दे को उठाते हुए बडगुजर के खिलाफ जांच की मांग की थी और उनके साथ पार्टी के फोटो भी सदन में पेश किए थे। इसके बाद तत्कालीन गृहमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने एसआईटी जांच की घोषणा की थी। लेकिन अब उन्हीं बडगुजर को भाजपा ने पार्टी में एंट्री दे दी है, जिसे लेकर वह खुद ही कटघरे में आ खड़ी हुई है। इस पर भाजपा में न केवल बवाल मचा हुआ है, बल्कि कहा जा रहा है कि भाजपा की वाशिंग मशीन में बडगुजर की सफाई हो चुकी है इसीलिए अब सुधाकर, सुधारक बनने चले हैं।
ज्ञात हो कि दो साल पहले विधायक नीतेश राणे ने विधानमंडल में पूछा था कि सुधाकर बडगुजर १९९३ बम धमाकों के आरोपी सलीम कुत्ता के साथ पार्टी क्यों कर रहे थे? उन्होंने तस्वीरें दिखाते हुए दावा किया था कि बडगुजर ने ऐसे आरोपी के साथ पार्टी की और इसकी गहन जांच होनी चाहिए। उस समय मंत्री दादा भुसे और विधायक आशीष शेलार ने भी राणे का समर्थन करते हुए इस मुद्दे को जोरशोर से उठाया था। इसके बाद गृहमंत्री फडणवीस ने तब सदन में कहा था कि यह मामला बहुत गंभीर है। सलीम कुत्ता, जो अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद का करीबी है, वह पैरोल पर बाहर था। ऐसी स्थिति में उसका पार्टी करना और बडगुजर का उसमें शामिल होना गंभीर मामला है। उन्होंने कहा था कि यह जांच एसआईटी के जरिए तय समय में पूरी होगी और दोषियों पर कार्रवाई की जाएगी। अब नीतेश राणे ने सुर बदलते हुए कहा है कि अगर कोई हिंदुत्व की डोर थामकर हमारे साथ आता है, तो हम उसका स्वागत करेंगे। बडगुजर अब शत प्रतिशत भगवाधारी हो चुके हैं। उनका हिंदुत्व की ओर जोरदार सफर शुरू हो चुका है।
शिवसेना ने कसा तंज
शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) की उपनेता सुषमा अंधारे ने तीखा तंज कसते हुए कहा कि सलीम कुत्ता की पार्टी में शामिल होने वाले बडगुजर जैसे पापी आत्मा को देखकर नीतेश राणे का खून खौल गया था। अब उसी सुधाकर को सुधारक बनाने का बीड़ा उठाया गया है। कल को सलीम कुत्ता भी आ जाए तो भाजपा में मैटर क्लोज’ हो जाएगा।
बावनकुले को नहीं थी जानकारी
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष चंद्रशेखर बावनकुले ने कहा कि मुझे सुधाकर बडगुजर के भाजपा में प्रवेश की कोई जानकारी नहीं है। जब तक स्थानीय नेता, विधायक और सांसद एकमत नहीं होते, तब तक किसी का पार्टी में प्रवेश नहीं होता। इस विषय पर मुंबई में बैठक के बाद निर्णय लिया जाएगा। हालांकि, कल दोपहर के बाद बडगुजर के भाजपा में प्रवेश करने की खबरें सार्वजनिक हो गई। इतना ही नहीं, पक्ष प्रवेश के मौके पर मंच पर खुद बावनकुले भी नजर आए।

अन्य समाचार