मुख्यपृष्ठविश्वअब जंग होकर रहेगी! ...ईरान के जवाब से पगलाए ट्रंप

अब जंग होकर रहेगी! …ईरान के जवाब से पगलाए ट्रंप

-तबाही की दे डाली खुली धमकी
-डोनाल्ड के बयान से मिडिल ईस्ट में ह़ड़कंप
सामना संवाददाता / नई दिल्ली
अमेरिका और ईरान के बीच तनाव एक बार फिर चरम पर पहुंचता नजर आ रहा है। ईरान की ओर से हालिया जवाबी बयान के बाद अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बेहद आक्रामक रुख अपनाते हुए खुली तबाही की धमकी दे डाली है। ट्रंप के इस बयान से मिडिल ईस्ट में हड़कंप मच गया है। ट्रंप ने ईरान को चेतावनी देते हुए कहा कि अगर अमेरिका या उसके सहयोगियों के खिलाफ कोई कार्रवाई हुई, तो उसका जवाब बेहद कठोर होगा। उनके बयान को क्षेत्र में संभावित युद्ध के संकेत के तौर पर देखा जा रहा है।
ईरान के जवाब के बाद ट्रंप के तेवर और सख्त हो गए हैं, जिससे दोनों देशों के बीच पहले से जारी तनाव और गहराता दिख रहा है। अंतर्राष्ट्रीय विश्लेषकों का मानना है कि इस तरह की बयानबाज़ी से मिडिल ईस्ट में हालात और अस्थिर हो सकते हैं।
बता दें कि एक इंटरव्यू में ट्रंप ने कहा कि अगर कोई भी घटना होती है, तो ईरान को गंभीर नतीजे भुगतने होंगे। उन्होंने कहा, `मैंने पहले ही चेतावनी दे दी है। अगर कुछ भी हुआ, तो पूरा देश तबाह हो जाएगा। ईरान की ओर से ‘पूरी जंग’ की चेतावनी मिलने पर ट्रंप ने कहा, `अगर कुछ भी हुआ, तो हम उन्हें दुनिया के नक्शे से मिटा देंगे।’ यह बयान ऐसे समय आया है जब ट्रंप पहले ही ईरान में सत्ता बदलने की बात कर चुके हैं।
गौरतलब है कि ईरान में चल रहे प्रदर्शनों के दौरान अब तक भारी जान-माल का नुकसान हुआ है। अमेरिका की एक मानवाधिकार संस्था के अनुसार, अब तक कम से कम ४,५१९ लोगों की मौत हो चुकी है और २६,३०० से ज्यादा लोगों को गिरफ्तार किया गया है। ईरान में प्रदर्शन दिसंबर के आखिरी हफ्ते में शुरू हुए थे। इसकी वजह बढ़ती महंगाई और ईरानी मुद्रा की गिरती कीमत बताई जा रही है। हजारों लोग सड़कों पर उतरकर सरकार के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं और बदलाव की मांग कर रहे है। वहीं ईरानी सरकार ने इन प्रदर्शनों के लिए अमेरिका और इजरायल को जिम्मेदार ठहराया।
कड़कड़ाती ठंड में जेलों में नग्न रखे जा रहे हैं प्रदर्शनकारी
रिपोर्ट्स के मुताबिक, ईरान में सरकार विरोधी प्रदर्शनों के बीच पकड़कर जेल में डाले गए लोगों को कड़ाके की ठंड में नग्न अवस्था में रखे और उन्हें अज्ञात पदार्थों के इंजेक्शन लगाए जा रहे हैं। एक अधिकारी ने बताया कि प्रदर्शन में कम से कम ५,००० लोग मारे गए हैं। ईरान में चरमराती अर्थव्यवस्था के खिलाफ दिसंबर-२०२५ में प्रदर्शन शुरू हुए थे।

अन्य समाचार