मुख्यपृष्ठनमस्ते सामनासबको खुश करते-करते, खुद को खो देना

सबको खुश करते-करते, खुद को खो देना

लेखिका: सना खान

कभी आपने महसूस किया है…
आजकल ज़िंदगी कुछ ज़्यादा ही तेज़ भाग रही है।
हर घर में एक कहानी चल रही होती है,
और इन कहानियों में अक्सर एक बात समान होती है

हम वह ज़िंदगी जीने लगते हैं जो दूसरों को सही लगे, और इसी कोशिश में धीरे-धीरे अपने असली सपनों और इच्छाओं को पीछे छोड़ देते हैं।

ज़िंदगी के हर मोड़ पर कोई न कोई दबाव हमारे साथ चलता रहता है —
कभी नौकरी चुनने का,
कभी शादी का,
तो कभी बस अपने तरीके से जीने का।

लेकिन हर बार एक ही अनकहा सवाल सामने आ खड़ा होता है —
लोग क्या कहेंगे?

लड़कियों को बचपन से सिखाया जाता है कि घर और रिश्तों को पहले रखना है, इसलिए कई बार वे अपनी तकलीफें चुपचाप सह लेती हैं।

वहीं लड़कों को समझाया जाता है कि उन्हें हमेशा मज़बूत दिखना है, इसलिए वे अपने डर और दर्द को किसी से कह ही नहीं पाते।

धीरे-धीरे, चाहे लड़का हो या लड़की, दोनों ही अपने असली जज़्बात छुपाना सीख जाते हैं,
और बाहर से सब ठीक दिखाई देता है।

पर सच यह है कि अंदर ही अंदर बहुत से लोग थक चुके होते हैं।
मुस्कुराहट के पीछे डर, उलझन और अधूरी इच्छाएँ छुपी रहती हैं।

समाज अक्सर उस इंसान की तारीफ करता है जो चुपचाप समझौता कर लेता है,
पर शायद ही कोई यह पूछता है कि वह सच में खुश भी है या नहीं।
लोग कुछ समय बात करते हैं, फिर अपनी दुनिया में खो जाते हैं,
लेकिन जो फैसले हम डर की वजह से नहीं ले पाते, उनका बोझ लंबे समय तक दिल में रह जाता है।
इसलिए कभी रुककर खुद से पूछना ज़रूरी है —
क्या मैं अपनी खुशी के हिसाब से जीवन जी रहा/रही हूँ, या सिर्फ दुनिया को खुश करने की कोशिश कर रहा/रही हूँ?

क्योंकि असली हिम्मत आवाज़ ऊँची करने में नहीं, बल्कि अपने सच को स्वीकार कर आगे बढ़ने में होती है।
और शायद ज़िंदगी का सबसे बड़ा सुकून वही दिन होता है, जब इंसान समझ जाता है कि दूसरों की सोच कभी खत्म नहीं होगी, लेकिन उसकी अपनी ज़िंदगी एक दिन ज़रूर खत्म हो जाएगी।

इसलिए जब भी मौका मिले, डर नहीं ,अपनी सच्चाई को चुनिए।

क्योंकि आपकी ज़िंदगी की कहानी कोई और नहीं, सिर्फ आप लिख सकते हैं।

अन्य समाचार