मुख्यपृष्ठखबरेंलोकल की भीड़ ने निगल लिया एक और भविष्य! ...१२ वीं के...

लोकल की भीड़ ने निगल लिया एक और भविष्य! …१२ वीं के छात्र की ट्रेन से गिरकर मौत

जेदवी / मुंबई
मुंबई लोकल की जानलेवा भीड़ ने एक और होनहार छात्र की बलि ले ली। विज्ञान संकाय का १२वीं का छात्र सोहम सचिन कटरे (१८) एचएससी पेपर देने निकला था, लेकिन किस्मत ने उसे परीक्षा केंद्र तक भी नहीं पहुंचने दिया। मंगलवार सुबह करीब १०:१५ बजे, कलवा से मुंब्रा के बीच एक खतरनाक मोड़ पर अत्यधिक भीड़ के दबाव में सोहम लोकल ट्रेन से नीचे गिर पड़ा। जोनल रेलवे यूजर्स कंसल्टेटिव कमेटी के सदस्य केतन शाह और मुंबई रेल प्रवासी संघ के उपाध्यक्ष सिद्धेश देसाई के आह्वान पर सैकड़ों यात्री और विभिन्न संगठनों के कार्यकर्ता डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर स्मारक परिसर में जमा हुए। प्रदर्शनकारियों ने काले कपड़े और काली पट्टी / मास्क पहनकर रेलवे प्रशासन की संवेदनहीनता और लापरवाही के खिलाफ तीखा विरोध दर्ज कराया।
सोहम डोंबिवली पूर्व स्थित ‘सीता कुंज-१’ इमारत में अपने माता-पिता और बड़े भाई के साथ रहता था। परिवार डेढ़ साल पहले ही कलवा से डोंबिवली शिफ्ट हुआ था। १० फरवरी को वह डोंबिवली से कलवा स्थित परीक्षा केंद्र जा रहा था, तभी यह हादसा हो गया। सोहम के पिता सचिन कटरे, जो पेशे से इस्टेट एजेंट हैं, जिला परिषद चुनाव में मतदान के लिए गांव गए हुए थे। बेटे की मौत की खबर मिलते ही वे बदहवास हालत में कलवा अस्पताल पहुंचे। सोहम के पिता ने बताया कि सोहम बेहद शांत और समझदार बच्चा था। परिवार ने अंतिम संस्कार के बाद गांव जाने का निर्णय लिया है, लेकिन सवाल वही है कि क्या यह मौत टाली जा सकती थी?

 

अन्य समाचार