मुख्यपृष्ठअपराधअंडरवर्ल्ड सीक्रेट : बॉलीवुड पर गैंगवॉर का ग्रहण ...जय श्रीराम के बाद...

अंडरवर्ल्ड सीक्रेट : बॉलीवुड पर गैंगवॉर का ग्रहण …जय श्रीराम के बाद राधे-राधे की गूंज

सूरज सिंह

मनोरंजन जगत पर अपराधियों का साया गहराता जा रहा है। सलमान खान, कपिल शर्मा और रोहित शेट्टी जैसे बड़े नामों के घर और प्रतिष्ठानों पर हमलों के बाद अब पंजाबी अभिनेत्री हिमांशी खुराना को धमकी भरा ऑडियो संदेश मिला है। इसमें जीशान अख्तर ने १० करोड़ रुपये की रंगदारी की मांग की और गंभीर परिणाम की चेतावनी दी।
सलमान खान के घर पर हमला, कपिल शर्मा के वैâफे पर हमला, बाबा सिद्दीकी की हत्या, रोहित शेट्टी के घर पर हमला और अब अभिनेत्री हिमांशी खुराना को धमकी का एक ऑडियो आया है। इस ऑडियो के बाद मनोरंजन जगत पर अपराध जगत से एक बार फिर ग्रहण का साया गहराता नजर आ रहा है। यह ग्रहण का सबसे बड़ा कारण गिरोहों का आपसी गैंगवॉर है। सूत्रों की मानें तो लॉरेंस बिश्नोई गिरोह अभी पूरी तरह बॉलीवुड पर अपनी पकड़ मजबूत भी नहीं कर पाया था कि अब गोल्डी बराड़ और रोहित गोदारा से जुड़े गैंगस्टरों ने फिल्म जगत में दखल बढ़ाना शुरू कर दिया है। अभिनेत्री हिमांशी खुराना को धमकी की ऑडियो की शुरुआत होती है- ‘हां हिमांशी खुराना मैं निशान अख्तर बोल रहा हुं। तुम मेरा फोन उठा नहीं रही हो मेरा एक मैसेज सुन लो १० करोड़ तुमको देना ही पड़ेगा। चाहे जितना जोर आजमाइश कर लो। मेरी आवाज है इसको फेक मत समझना, किसी बदमाश के पास चले जाना, आवाज किसी भी प्रशासन वाले से चेक करवा लेना, जो रकम बोली है उसकी व्यवस्था करो राधे-राधे।’
यह मामले में पंजाबी फिल्मों की अभिनेत्री हिमांशी खुराना को गैंगस्टर जीशान अख्तर द्वारा धमकी दिए जाने की सनसनीखेज जानकारी सामने आते ही बताया जा रहा है कि उनसे १० करोड़ रुपए की रंगदारी मांगी गई है। धमकी भरे संदेश में गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी भी दी गई है। सूत्रों के अनुसार, जीशान अख्तर का नाम चर्चित बाबा सिद्दीकी हत्याकांड मामले में वांछित आरोपियों में शामिल बताया जाता है। वर्तमान में वह गोल्डी बराड़ और रोहित गोदारा से जुड़े गिरोह के साथ सक्रिय बताया जा रहा है। अपराध जगत में गोल्डी बराड़ को कभी लॉरेंस बिश्नोई का प्रमुख मार्गदर्शक और शूटर नेटवर्क संचालक माना जाता था, लेकिन अब दोनों गुटों के बीच प्रतिस्पर्धा और वर्चस्व की लड़ाई की चर्चा तेज है।
गौरतलब है कि हिमांशी खुराना ने चर्चित पंजाबी फिल्म ‘सड्डा हक’ में मुख्य भूमिका निभाई थी और वह संगीत तथा मॉडलिंग क्षेत्र में भी सक्रिय हैं। उन्हें मिली धमकी ने फिल्म उद्योग की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। जिस तरह आज लारेंस विश्नोई गिरोह अपना वर्चस्व स्थापित करने के लिए बॉलीवुड को टारगेट कर रहा है। १९९३ के बम धमाके के बाद जब दाऊद और छोटा राजन गिरोह अलग हुआ तब सबसे पहले छोटा राजन टीम बॉलीवुड को धमकाने पहुंची और कई हत्याएं हुईं, कई बार रंगदारी दी गई लेकिन, तब होता था बात शुरू करने से पहले वंदे मातरम गूंजता था। रवि पुजारी जब छोटा राजन से अलग होकर अपनी टीम बनाई तो सबसे पहले बॉलीवुड टारगेट किया, लारेंस विश्नोई गिरोह ने जब बॉलीवुड को निशाने पर लिया तो जयश्री राम के नारे इनके ऑडियो में होते थे, अब पहली बार जब जीशान ने हिमांशी खुराना को धमकी भरा ऑडियो संदेश भेजा तो उसने राधे-राधे कहकर नया ट्रेंड दिया।
मुंबई पुलिस और संबंधित एजेंसियों द्वारा मामले की जांच की संभावना जताई जा रही है। हाल के समय में फिल्म उद्योग से जुड़े कलाकारों और निर्माताओं को धमकियां मिलने की घटनाओं ने सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है। विशेषज्ञों का मानना है कि यदि समय रहते कठोर कार्रवाई नहीं की गई तो अपराधी गिरोहों की फिल्म उद्योग में घुसपैठ बढ़ सकती है, जिससे कलाकारों की सुरक्षा और निवेश दोनों पर खतरा मंडरा सकता है।

अन्य समाचार