उमेश गुप्ता / वाराणसी
वाराणसी के लंका थाना क्षेत्र में स्थित रेनबो गेस्ट हाउस में चल रहे देह व्यापार के अड्डे का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल के हेल्पलाइन नंबर 9670705555 पर प्राप्त सूचना के आधार पर एसीपी मुख्यालय अपूर्वा पांडेय के नेतृत्व में SOG-2 टीम ने शुक्रवार को त्वरित कार्रवाई करते हुए छापेमारी की।
हेल्पलाइन पर सूचना मिली थी कि लंका क्षेत्र के रेनबो गेस्ट हाउस में अनैतिक देह व्यापार संचालित किया जा रहा है। सूचना की पुष्टि के बाद टीम ने मौके पर दबिश दी और अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों को रंगे हाथों पकड़ा। छापेमारी के दौरान 3 महिलाओं समेत कुल 7 लोगों को गिरफ्तार किया गया। इनमें दो दलाल, होटल संचालक, भवन स्वामी और एक ग्राहक शामिल हैं। गिरफ्तार आरोपियों में मुहम्मद जफर उर्फ राज उर्फ गुड्डू, राजू यादव, जितेंद्र कुमार, सुनील कुमार (ग्राहक) और अनिल पांडेय (भवन स्वामी) शामिल हैं। पुलिस ने मौके से 9 टच स्क्रीन मोबाइल, 3 कीपैड मोबाइल, पेटीएम और गूगल पे के क्यूआर कोड, एक पेटीएम पेमेंट मशीन, रजिस्टर, 4 प्रयुक्त और 21 अप्रयुक्त कंडोम तथा तलाशी में 10,070 रुपए नकद बरामद किए।
पुलिस के अनुसार, बरामद डिजिटल भुगतान साधनों से अवैध लेनदेन के संकेत मिले हैं। प्रकरण में थाना लंका पुलिस द्वारा सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शहर में अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और हेल्पलाइन पर प्राप्त सूचनाओं पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी।
