अमिताभ श्रीवास्तव
संघर्ष आदमी को एक दिन निखारता ही है। फिर उस स्त्री का संघर्ष जो चहारदीवारी में कभी वैâद थी, शादी के बाद घूंघट में ढंकी थी, दो बच्चों की मां बनी और जब उसने अपनी उड़ान भरनी चाही तो ताने सुनती रही। बावजूद घूंघट से बाहर आई, साड़ी छोड़कर टी शर्ट पहनी, तानों को अनसुना किया और अपनी मंजिल पाने में जुट गई। फिर आया वो दिन जब उसे गोल्ड मैडल मिला। जी हां, बात है ज्योति बालाच नामक महिला की जो मूलत: गडरा रोड की रहने वाली है। बचपन से ही सपना आईपीएस बनना था, लेकिन यह घरवालों को पसंद नही था, इसलिए शिक्षक बनी और २००७ में उनकी शादी जैसलमेर के रामगढ़ में हो गई। ज्योति २ बच्चों की मां है और पिछले ३ साल से पॉवर लिफ्टिंग कर रही है। ज्योति का कहना है कि शादी के बाद बच्चों ने मोटिवेट किया और हाल ही में उन्होंने १४वीं राष्ट्रीय सीनियर पॉवर लिफ्टिंग में सिल्वर और मास्टर्स पॉवर लिफ्टिंग में गोल्ड मेडल जीता है। ज्योति ने गो पॉवर यूनिवर्सल जिम में कोच प्रकाश श्रीपत के नेतृत्व में प्रशिक्षण लिया। अब ज्योति बालाच कर्नाटक में ६९ किलो भार में राजस्थान का प्रतिनिधित्व करेंगी। ज्योति का कहना है कि जब घूंघट छोड़कर जिम जाने के लिए टी शर्ट पायजामा पहना तो पीहर और ससुराल पक्ष के लोगों ने खूब ताने दिए। लेकिन जब पहली बार ६९ किलो भार में जिला स्तर पर मेडल हासिल किया तो ताने देने वालों ने भी खूब वाहवाही की। पति सुरेंद्र कुमार, जो बीएसएनएल में अकाउंटेंट हैं, हर कदम पर उनका साथ देते रहे। जब ज्योति जिम जाती थीं, तब बच्चों की देखभाल पति ही करते थे। ज्योति बताती हैं कि उनका सपना बाड़मेर और जैसलमेर की बेटियों के छिपे टैलेंट को सामने लाना है। वह चाहती हैं कि ग्रामीण क्षेत्र की लड़कियां भी खेल और शिक्षा में आगे बढ़ें और अपनी पहचान बनाएं। उनका मानना है कि सही मार्गदर्शन और समर्थन मिले तो हर बेटी बड़े सपने पूरे कर सकती है।
ओ मारिया, ओ मारिया
टेनिस की वह खूबसूरत खिलाड़ी मारिया शरापोवा कहां है? काफी दिनों से इस खिलाड़ी का नाम चर्चा में नहीं था, मगर हाल ही में उसने कुछ इस तरह से अपनी सुर्खियां बनाई जिसे देख कर लोग कहने लगे ओ मारिया, ओ मारिया। जी हां, टेनिस की कभी नंबर एक खिलाड़ी रही रूस की मारिया शारापोव शादी के बाद खबरों से लगभग दूर ही रहने लगी हैं। पिछले विंबलडन के समय उनकी चर्चा हुई थी मगर इस तरह नहीं जिस तरह हाल ही में वो नजर आई हैं। दरअसल, मारिया ने अपने इंस्टा पर ऐसी तस्वीरों तथा वीडियो क्लिप को शेयर किया है जो उसके पुराने दिन याद दिलाते हैं। यानि एक बार फिर मारिया का हॉट अंदाज सुर्खियों में है। दरअसल, इस रूसी स्टार के पास अब बहुत समय है इसीलिए वो दुनिया घूमती है। पिछले दिनों डोलोमाइट्स में छुट्टियां बिताई तो सोशल मीडिया पर भी नजर आई। पूर्व विश्व नंबर १ एक भव्य रिसॉर्ट में रुकी और खुद को एक शानदार स्पा का आनंद लेते हुए फिल्माया भी। पांच बार की ग्रैंड स्लैम चैंपियन ने अपना लंबा क्लिप अपने ४.७ मिलियन फॉलोअर्स के साथ इंस्टाग्राम पर साझा किया। शारापोवा ने पोस्ट किया ‘मैं आखिरकार डोलोमाइट्स पहुंच ही गई! मारिया का स्विमिंग पूल में नहाना, स्पा में आनंद लेना इतना हॉट था कि एकबार फिर उसने टेनिस की नई व युवा खूबसूरत खिलाड़ियों को पीछे छोड़ दिया है।
(लेखक वरिष्ठ खेल पत्रकार व टिप्पणीकार हैं।)
