मुख्यपृष्ठसमाज-संस्कृतिवरिष्ठ शिक्षक ओमप्रकाश गुप्ता का भव्य सेवा संपूर्ति सम्मान समारोह संपन्न

वरिष्ठ शिक्षक ओमप्रकाश गुप्ता का भव्य सेवा संपूर्ति सम्मान समारोह संपन्न

मुंबई: भांडुप (पश्चिम) स्टेशन रोड स्थित गीता हॉल में सुभाष नगर मनपा हिंदी स्कूल के विद्वान वरिष्ठ शिक्षक ओमप्रकाश महावीर गुप्ता का भव्य और यादगार सेवा संपूर्ति सम्मान समारोह लगभग सात सौ शिक्षकों की उपस्थिति में आयोजित किया गया। इस अवसर पर उन्हें शाल, श्रीफल, पुष्प गुच्छ, भेंट वस्तु तथा मानपत्र समर्पित कर सम्मानित किया गया।

समारोह में उनकी जीवन संगिनी निर्मला देवी ओमप्रकाश गुप्ता का भी विशेष सत्कार किया गया। दोनों ने मंत्रोच्चार और शंखनाद के साथ माल्यार्पण किया तथा एक-दूसरे को केक खिलाकर समारोह को यादगार बना दिया। उपस्थित अतिथियों ने श्रीमती गुप्ता के उल्लेखनीय योगदान की सराहना करते हुए कहा कि उनकी प्रेरणा और सहयोग से ही श्री गुप्ता ने अपनी सेवा यात्रा को सफलतापूर्वक पूरा किया।

मनपा स्कूलों के पूर्व अधीक्षक रामचंद्र आर. पांडेय की अध्यक्षता में आयोजित इस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में वार्ड क्रमांक 114 की नवनिर्वाचित नगरसेविका तथा बृहन्मुंबई महानगरपालिका की स्थापत्य समिति (उपनगर) और न्याय एवं विधि समिति की सदस्य राजुलता संजय पाटिल उपस्थित रहीं। पूर्व उपशिक्षणाधिकारी चंद्रकेश आय. सिंह (सी. के. सिंह), माउंट मेरी इंग्लिश हाई स्कूल के चेयरमैन धनंजय टी. सिंह, प्रभारी विभाग निरीक्षिका कल्याणी नखाते, मनपा शिक्षक सहकारी बैंक के पूर्व उपाध्यक्ष ओमप्रताप जे. सिंह, वर्तमान उपाध्यक्ष राजपति आर. प्रजापति, शिक्षक सभा के नवनियुक्त सहसचिव तथा वारकरी संप्रदाय के संत रामराव व्ही. पांगरेकर, नितिन ढालपे, मनपा शिक्षक बैंक के संचालक एम. केवट, वासुदेव मेश्राम, राष्ट्रीय साहू तेली समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष मुरारी गुप्ता, शिक्षाविद रामसकल सिंह, गिरधर यादव, प्रदीप सिंह, तेजबहादुर सिंह, रविंद्र सिंह, विनोद द्विवेदी, आद्याप्रसाद सिंह (ए. पी. सिंह), बीएमसी स्कूल इज द बेस्ट स्कूल इन मुंबई अभियान के समाजसेवी शिक्षाविद चंद्रवीर बंशीधर यादव, समाजसेवी विष्णु परब और राजेश बालन सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

प्रमुख वक्ताओं में पूर्व प्रधानाध्यापक रामसकल सिंह और गिरधर यादव ने श्री गुप्ता के व्यक्तित्व और कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए उनके समर्पण, अनुशासन और शैक्षिक योगदान की प्रशंसा की। अपने संबोधन में सत्कार मूर्ति ओमप्रकाश गुप्ता ने सभी अधिकारियों, सहकर्मियों और शुभचिंतकों के प्रति स्नेह एवं मार्गदर्शन के लिए कृतज्ञता व्यक्त की और अपने भजन से सभागार को भक्तिमय बना दिया।

कार्यक्रम का संचालन शिक्षाविद अवधेशनारायण आर. गिरि ने प्रभावी ढंग से किया। मानपत्र वाचन राज प्रजापति ने किया तथा आभार प्रदर्शन ओमप्रताप सिंह ने व्यक्त किया। समारोह में जलपान और प्रीतिभोज की भी व्यवस्था की गई, जिसका सभी ने आनंद लिया।

विद्यालय परिवार की मुख्याध्यापिका कल्याणी नखाते और आयोजन समिति के शिक्षकों के उत्कृष्ट प्रबंधन की सर्वत्र सराहना की गई। शिक्षक एवं गीतकार संजय यादव ने फगुआ गाकर उपस्थित जनों को भावविभोर कर दिया। कर्मठ शिक्षक दिनेशप्रताप सिंह और इंद्रलाल यादव ने अतिथियों का स्वागत किया।

समारोह में एस वार्ड सहित अन्य सभी वार्डों के मनपा और निजी विद्यालयों के मुख्याध्यापक, शिक्षक और कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। साथ ही श्री गुप्ता के परिवारजन, रिश्तेदार और समाज के अनेक लोग भी शामिल हुए। उनकी संस्कारित बेटी और पुत्रों ने सभी अतिथियों को सप्रेम भेंट देकर हृदय से आभार व्यक्त किया। उल्लेखनीय है कि श्री ओमप्रकाश गुप्ता ने शिक्षा विभाग में 33 वर्ष 2 माह और 7 दिन की सेवा पूर्ण करने के बाद 1 मार्च 2026 को सेवानिवृत्ति ग्रहण की।

अन्य समाचार