होली के पावन अवसर पर बुधवार को कांदिवली स्थित ठाकुर कांप्लेक्स के एवेन्यू होटल प्रांगण में आनंद जनसेवा संस्था, मुंबई की ओर से होली स्नेह सम्मेलन मिलन समारोह का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में अवधी परंपराओं और संस्कृति की अद्भुत छटा देखने को मिली।
शिवसेना (उद्धव ठाकरे गुट) के प्रवक्ता आनंद दुबे के संयोजन में आयोजित इस होली महोत्सव में फिल्म, कला, राजनीति, शिक्षा, चिकित्सा, व्यवसाय और अन्य क्षेत्रों की अनेक प्रतिष्ठित हस्तियों ने भाग लिया। इसके साथ ही प्रिंट मीडिया, डिजिटल मीडिया और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के कई पत्रकार भी उत्सव में शामिल हुए और होली का आनंद उठाया।
भोजपुरी के सुप्रसिद्ध लोकगायक सुरेश शुक्ला और उनकी टीम सहित अन्य नामी कलाकारों ने फागुन के अवधी गीत, संगीत और नृत्य की रंगारंग प्रस्तुतियां दीं, जिससे पूरा माहौल उत्साह और उमंग से भर गया। बॉलीवुड के प्रसिद्ध संगीतकार दिलीप सेन की उपस्थिति ने कार्यक्रम को और अधिक संगीतमय बना दिया। भारतीय पारंपरिक और सांस्कृतिक उत्सव होली का आनंद लेने के लिए फ्रांस और दुबई से भी अतिथि विशेष रूप से पहुंचे थे। कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ लेखक और पत्रकार शैलेंद्र श्रीवास्तव ने किया।
आयोजन में पारंपरिक गमछा धारण किए होली प्रेमियों ने फूलों की होली का विशेष आनंद लिया। विभिन्न गायक कलाकारों की मनमोहक प्रस्तुतियों से अवधी और भोजपुरी संगीत की महफिल देर तक सजी रही। संयोजक आनंद दुबे ने स्वयं भी कई भक्ति गीत और लोकगीत प्रस्तुत किए, साथ ही नृत्य और मिमिक्री से दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। पश्चिमी मुंबई उपनगर में आयोजित यह सांस्कृतिक कार्यक्रम आकर्षण का केंद्र बना रहा और होली के उत्सव को अवधी रंग में रंग दिया।
