अरुण कुमार गुप्ता
बिहार विधान सभा चुनाव के बाद नीतीश कुमार और उनकी पार्टी के भविष्य को लेकर जो बात कही जा रही थी, वह अब सच साबित हो रही है। आखिर भाजपा ने साइलेंट ऑपरेशन लोटस कर ही दिया। नीतीश कुमार को राज्य सभा भेज कर भाजपा अपना रास्ता साफ कर रही है। अब मौका मिला है तो विरोधी कहां चुप बैठने वाले हैं। राष्ट्रीय जनता दल ने नीतीश कुमार को लेकर करारा तंज कसा है। आरजेडी ने दावा किया है कि बिहार में भारतीय जनता पार्टी ने साइलेंट ऑपरेशन लोटस (ऑपरेशन कमल) कर दिया है। आरजेडी के प्रदेश मुख्य प्रवक्ता शक्ति सिंह यादव ने बयान जारी कर दावा किया है कि भाजपा ने नीतीश को पूरी तरह घेर लिया है और जबरन उन्हें राज्यसभा भेजा जा रहा है। आरजेडी प्रवक्ता ने कहा कि हमारा पुख्ता दावा है कि नीतीश को डरा-धमका कर जबरन राज्यसभा भेजा जा रहा है। ताकि कल को भाजपा यह झूठा नैरेटिव गढ़ सके कि उन्होंने स्वेच्छा से पद छोड़ा। सत्ता हथियाने के लिए यह भाजपा का सबसे बड़ा और घृणित षड्यंत्र है, जिसमें मुख्यमंत्री को मोहरा बना दिया गया है। उन्होंने यह भी दावा किया कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार आज पूरी तरह से लाचार और बेबस हो चुके हैं। भारी मन से उन्होंने अपने करीबियों को बता दिया है कि मैं घिर चुका हूं, मेरी कुछ नहीं चल रही, मजबूरी में नॉमिनेशन कर रहा हूं, वरना मेरे साथ कुछ भी हो सकता है। आरजेडी का कहना है कि नीतीश की पार्टी जेडीयू आज खौफ और मायूसी के दौर से गुजर रही है। यह एनडीए नहीं, बल्कि बिहार के इतिहास का सबसे शर्मनाक राजनीतिक अपहरण है।
शराब माफियाओं को उपहार!
देश की राजधानी दिल्ली में होली पर नो ड्राई डे रहा, यानी शराब की दुकानें खुली रहीं। बीते कई वर्षों में यह पहला मौका है, जब सरकार ने होली पर शराब की दुकानें खोलने का पैâसला किया। होली वाले दिन रोज की तरह शराब की दुकाने खुली रहीं। दिल्ली में शराब की ७४६ से अधिक शराब की दुकानें हैं। सरकार के इस पैâसले को लेकर विपक्ष ने विरोध जताते हुए कहा कि होली वाले दिन शराब की दुकानें खोल कर भाजपा सरकार ने शराब माफिया को होली का उपहार दिया। कांग्रेस नेता अभिषेक दत्त ने दिल्ली में भाजपा सरकार पर शराब माफिया को उपहार देने का आरोप लगाते हुए उसकी कड़ी आलोचना की। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि अरविंद केजरीवाल को दिल्ली आबकारी नीति मामले में बरी होने का तोहफा शराब माफियों को मिला है। उधर आबकारी विभाग ने कहा कि राजस्व का टारगेट पूरा करने के लिए यह पैâसला किया गया है। आबकारी विभाग ३१ मार्च २०२६ तक के ड्राई डे को लेकर पहले ही आदेश जारी कर चुका है। मार्च में कुल तीन ड्राई डे आधिकारिक तौर पर घोषित किए गए हैं।
वादा तेरा…बंदा मैं…!
दिल्ली में चुनाव के समय जिस एक वोटबैंक पर सभी पार्टियों ने सबसे ज्यादा फोकस किया था, वो महिला वोटबैंक था। साइलेंट वोटर्स को अपने पक्ष में करने के लिए पार्टियों ने उनके लिए कई योजनाएं शुरू करने का वादा किया और उन्हीं में से एक वादा था कि महिलाओं को हर महीने वित्तीय सहायता दी जाएगी। सत्ता में आने पर बीजेपी ने भी २,५०० रुपए प्रति माह देने का वादा किया था। सीएम रेखा गुप्ता ने जीत हासिल करने के बाद ऐलान किया था कि ८ मार्च को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के दिन महिलाओं के खाते में सहायता की पहली किस्त आएगी, लेकिन अब दूसरे साल का अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस सिर्फ दो दिन शेष है और बीजेपी या सीएम रेखा गुप्ता के वादे का अभी तक पता नहीं है। अब इस स्थिति में ८० के दशक की मशहूर फिल्म ‘दुश्मन’ का वह गीत याद आ रहा है जो राजेश खन्ना पर फिल्माया गया था और काफी पॉपुलर हुआ था… वादा तेरा वादा… बंदा मैं सीधा साधा… वादे पे तेरे मारा गया। इस तरह का ही कुछ हाल इस समय दिल्ली की महिलाओं का है। जो वादे पर विश्वास कर भाजपा को सत्ता में लेकर आईं और छली गईं। उधर दिल्ली की पूर्व सीएम आतिशी ने इसे लेकर बीजेपी को घेरा है। साथ ही आतिशी ने पार्टी से सवाल पूछा है कि महिलाओं के खाते में पैसे कब आएंगे। सीएम रेखा गुप्ता ने शपथ ग्रहण समारोह के बाद इस बात का एलान किया था कि ८ मार्च को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर महिलाओं के खाते में २५०० रुपए की पहली किस्त डाली जाएगी।
