मुख्यपृष्ठनए समाचारलोकल में टीसी का स्टिंग ऑपरेशन ....लोकल में बिना टिकट के यात्रियों...

लोकल में टीसी का स्टिंग ऑपरेशन ….लोकल में बिना टिकट के यात्रियों पर कार्रवाई

– औचक कार्रवाई, २०० धराए, रु. ५५ हजार का जुर्माना
जेदवी / मुंबई
मुंबई की जीवनरेखा कही जाने वाली मुंबई उपनगरीय रेलवे में बिना टिकट यात्रा करने वालों के लिए अब खेल खत्म होता दिख रहा है। उपनगरीय रेल सेवा में चलाए गए एक विशेष औचक टिकट जांच अभियान में बिना कुछ ही घंटों में २०० यात्रियों को बिना टिकट पकड़े जाने से हड़कंप मच गया।
इस पूरी कार्रवाई की कमान हेड टीटीई सुधा द्विवेदी ने संभाली, लेकिन तरीका था बेहद अलग और चौंकाने वाला। सुधा द्विवेदी खुद एक आम यात्री के वेष में लोकल ट्रेन में सवार हुईं। न कोई वर्दी, न कोई पहचान, पूरी तरह से सामान्य मुसाफिर की तरह। जैसे ही बिना टिकट यात्रा करने वालों की गतिविधियां पुख्ता हुईं, उन्होंने अपनी पहचान उजागर की और डिब्बों में सख्त टिकट जांच शुरू कर दी।
इस अचानक हुई कार्रवाई से बिना टिकट यात्रा करने वालों में अफरा-तफरी मच गई। महज कुछ ही घंटों में २०० यात्रियों को बिना वैध टिकट के रंगे हाथों पकड़ा गया। इन सभी से कुल रु ५५,००० का जुर्माना वसूला गया।
रेल प्रशासन का साफ कहना है कि यह अभियान किसी को परेशान करने के लिए नहीं, बल्कि उन लाखों ईमानदार यात्रियों के हक की रक्षा के लिए है, जो रोजाना टिकट लेकर सफर करते हैं। बिना टिकट यात्रा न सिर्फ कानून का उल्लंघन है, बल्कि भीड़ और अव्यवस्था की बड़ी वजह भी है।
इस सख्त लेकिन अनोखी कार्रवाई की सोशल मीडिया पर जमकर सराहना हो रही है। लोग इसे ‘ईमानदार यात्रियों की जीत’ बता रहे हैं और मांग कर रहे हैं कि ऐसे औचक अभियान नियमित रूप से चलाए जाएं।

अन्य समाचार