मुख्यपृष्ठनए समाचारहाजी अली सबवे में अंधेरे का साम्रज्य ...लाइट बंद, डर के साए...

हाजी अली सबवे में अंधेरे का साम्रज्य …लाइट बंद, डर के साए में गुजर रहे नागरिक

मनपा को नहीं है लोगों की सुरक्षा का ख्याल
संदीप पांडेय / मुंबई
मुंबई के प्रसिद्ध धार्मिक और पर्यटन स्थलों में शामिल हाजी अली और महालक्ष्मी मंदिर में रोजाना मुंबई ही नहीं बल्कि पूरे देश और विदेश से हजारों श्रद्धालु और पर्यटक पहुंचते हैं। हाल के वर्षों में मुंबई कोस्टल रोड बनने के बाद इस इलाके में सुबह-शाम टहलने आने वाले नागरिकों की संख्या भी काफी बढ़ गई है।
हाजी अली और महालक्ष्मी मंदिर सिग्नल पर भारी यातायात रहता है, जिससे लोगों को सड़क पार करने में काफी परेशानी होती है। इसी समस्या को देखते हुए मुंबई मनपा ने हाजी अली सिग्नल के पास नागरिकों की सुविधा के लिए सबवे का निर्माण कराया था, ताकि लोग सुरक्षित तरीके से सड़क पार कर सकें, लेकिन वर्तमान में इस सबवे की स्थिति बेहद चिंताजनक हो गई है। पिछले कई दिनों से सबवे के अंदर लगी लगभग सभी लाइटें बंद पड़ी हैं, जिसके कारण रात होते ही पूरा सबवे अंधेरे में डूब जाता है। अंधेरा होने की वजह से यहां से गुजरने वाले लोग खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। खासकर, महिलाओं ने रात के समय सबवे का उपयोग करना लगभग बंद ही कर दिया है।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि अंधेरे के कारण उन्हें मजबूरी में सड़क के उपर से ही जोखिम उठाकर सड़क पार करनी पड़ती है इससे दुर्घटना का खतरा भी बना रहता है।
गौरतलब है कि मुंबई मनपा ने हाल ही में मुंबईकरों के लिए ८० हजार करोड़ रुपए से अधिक का बजट पेश किया है और शहर के विभिन्न इलाकों के रखरखाव पर हर महीने करोड़ों रुपए खर्च किए जाते हैं। इसके बावजूद हाजी अली जैसे महत्वपूर्ण और भीड़भाड़ वाले इलाके के सबवे में कई दिनों से लाइटें बंद रहना मनपा की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करता है।
यह इलाका मनपा के जी-दक्षिण विभाग के अंतर्गत आता है, लेकिन इस गंभीर समस्या पर संबंधित अधिकारी भी चुप्पी साधे हुए हैं। ऐसे में सवाल उठता है कि आखिर नागरिकों की सुरक्षा की जिम्मेदारी कौन लेगा?

अन्य समाचार